सीमा पार वाहन चोर गिरोह का भंडाफोड़, नौतनवा पुलिस ने 2 अभियुक्त दबोचे

3 चोरी की मोटरसाइकिल बरामद, नेपाल कनेक्शन आया सामने

मनोज कुमार त्रिपाठी 

नौतनवा (महराजगंज), 16 अप्रैल 2026। जनपद महराजगंज के थाना नौतनवा पुलिस ने वाहन चोरी की घटनाओं पर बड़ी कार्रवाई करते हुए दो शातिर अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके कब्जे से 03 चोरी की मोटरसाइकिल बरामद की हैं। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत की गई, जिसमें अपर पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ एवं क्षेत्राधिकारी अनिरुद्ध कुमार के मार्गदर्शन में थानाध्यक्ष पुरुषोत्तम राव के नेतृत्व में टीम ने सफलता हासिल की।

पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली, जिसके आधार पर बनैलिया मंदिर–हरदी डाली मार्ग स्थित डंडा नदी पुल के पास घेराबंदी कर सुबह करीब 03:15 बजे दोनों अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान देवनारायण नाउ (20 वर्ष) एवं रामरतन लोनिया (24 वर्ष), निवासी रुपनदेही (नेपाल) के रूप में हुई है। दोनों के नेपाल से जुड़े होने के कारण इस मामले में सीमा पार आपराधिक गतिविधियों की भी आशंका जताई जा रही है।

पूछताछ के दौरान अभियुक्तों ने खुलासा किया कि बरामद मोटरसाइकिलों में से एक बाइक नौतनवा के मैक्स सिटी अस्पताल के पास से चोरी की गई थी, जिसके संबंध में थाना नौतनवा पर पहले से मुकदमा दर्ज है। अन्य दो बाइक फरेन्दा एवं कोल्हुई थाना क्षेत्रों से करीब एक माह पूर्व चोरी की गई थीं। बरामद सभी बाइक बिना नंबर प्लेट की पाई गईं, जिससे स्पष्ट है कि पहचान छिपाने की कोशिश की गई थी।

इस पूरी कार्रवाई में चौकी प्रभारी रामजी गुप्ता सहित पुलिस टीम के सदस्य मनीष पटेल, मनीष गौंड, हिमांशु सिंह एवं लक्ष्मीशंकर यादव की अहम भूमिका रही। पुलिस ने दोनों अभियुक्तों को गिरफ्तार कर विधिक कार्यवाही पूरी करते हुए न्यायालय के समक्ष पेश करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *