सोनौली कस्बे में स्थित बेकरी की दुकान में शॉर्ट सर्किट से लगी आग, लाखों का नुकसान

मौके पर पहुंचे विधायक ऋषि त्रिपाठी ने स्थिति का जायजा लिया और दुकान मालिक को हरसंभव मदद का भरोसा दिया

उमेश चन्द्र त्रिपाठी

सोनौली कस्बे के एसएसबी रोड पर स्थित ‘मां वैष्णो बेकर्स एंड गिफ्ट कॉर्नर’ में आज सुबह भीषण आग लग गई। शॉर्ट सर्किट के कारण लगी इस आग में दुकान के अंदर रखा लाखों रुपये का सामान जलकर राख हो गया। घटना सुबह करीब 7 बजे हुई, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई।

जानकारी के अनुसार, सुबह दुकान से अचानक धुआं उठता देखा गया। जब तक आसपास के लोग कुछ समझ पाते, आग तेजी से फैल चुकी थी और उसने विकराल रूप ले लिया। स्थानीय लोगों ने तुरंत दुकान का ताला तोड़कर शटर उठाया और पानी डालकर आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका।

इस अग्निकांड में दुकान के अंदर रखे सजावटी सामान, अन्य कीमती वस्तुएं और सीसीटीवी कैमरे समेत लाखों रुपये का नुकसान हुआ है। प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण बिजली का शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है।

दुकान के मालिक सनी गुप्ता, जो नौतनवां के छपवा के निवासी हैं, रोज की तरह रात में दुकान बंद कर घर चले गए थे। सुबह हुए इस हादसे से उन्हें भारी आर्थिक क्षति हुई है।

घटना की सूचना मिलते ही नौतनवां के विधायक ऋषि त्रिपाठी तुरंत मौके पर पहुंचे। उन्होंने स्थिति का जायजा लिया और पीड़ित दुकानदार सनी गुप्ता से मुलाकात की। विधायक ने उन्हें हर संभव मदद का आश्वासन देते हुए कहा कि इस कठिन समय में प्रशासन और वह स्वयं पूरी तरह पीड़ित परिवार के साथ खड़े हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *