सत्यम मद्धेशिया
गोरखपुर/पीपीगंज। नगर पंचायत पीपीगंज के होनहार युवक अभिषेक मद्धेशिया की गोरखनाथ रोड स्थित आनन्द लोक हॉस्पिटल में इलाज के दौरान हुई मौत के बाद पूरे क्षेत्र में आक्रोश फैल गया है। परिजनों ने अस्पताल प्रशासन और डॉक्टरों पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि सही इलाज न मिलने के कारण अभिषेक की जान चली गई। घटना के बाद पीपीगंज में गम के साथ-साथ गुस्से का माहौल बना हुआ है।
ब्रह्मभोज के दौरान मद्धेशिया समाज के वरिष्ठ नेताओं ने परिवार से मुलाकात कर न्याय की लड़ाई को मजबूती देने का ऐलान किया। जिलाध्यक्ष दीनबन्धु मद्धेशिया, अजय कुमार गुप्ता (अंजय), युवा जिलाध्यक्ष मनीष मद्धेशिया सहित कई नेताओं ने कहा कि जब तक दोषी डॉक्टरों पर सख्त कार्रवाई नहीं होती, तब तक आंदोलन जारी रहेगा। वहीं नगर अध्यक्ष एवं सभासद राजू मद्धेशिया ने भी परिवार को भरोसा दिलाया कि लापरवाह डॉक्टरों पर हत्या का मुकदमा दर्ज कराकर जेल भेजने तक संघर्ष जारी रहेगा।
इस दौरान मौके पर पहुंचे स्थानीय विधायक एवं पूर्व मंत्री फतेह बहादुर सिंह से भी पीड़ित परिवार ने न्याय की मांग की। नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो मामला सीधे मुख्यमंत्री तक पहुंचाया जाएगा। कार्यक्रम में प्रदेश मंत्री शरद मद्धेशिया, भाजपा नेता गणेश मद्धेशिया, रामानंद मद्धेशिया, ब्लॉक प्रमुख संजय सिंह, गौतम मद्धेशिया सहित सैकड़ों लोग मौजूद रहे।
अब पूरे पीपीगंज में एक ही चर्चा है कि अभिषेक को इंसाफ मिलेगा या फिर यह मामला भी सिस्टम की फाइलों में दब जाएगा।