पीपीगंज पोस्ट ऑफिस में बड़ा घोटाला: एक ही खाते से अवैध निकासी और संदिग्ध FD का मामला

एजेंट–कर्मचारियों की मिलीभगत का आरोप, पोस्ट मास्टर बोले—“स्पष्ट जानकारी नहीं”

मनोज कुमार त्रिपाठी

गोरखपुर/पीपीगंज। पीपीगंज पोस्ट ऑफिस से जुड़ा एक गंभीर और चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जिसमें खाताधारक के खाते से अवैध निकासी, संदिग्ध फिक्स डिपॉजिट (FD) और एक ही खाते को दो लोगों द्वारा संचालित किए जाने जैसे आरोप लगे हैं। वार्ड नंबर 2, हनुमंत नगर निवासी मीना (पुत्री जयराम) ने जिलाधिकारी को दिए शिकायत पत्र में पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच की मांग की है।

पीड़िता के अनुसार, 07 फरवरी 2026 को उनके खाते से करीब ₹2 लाख की राशि बिना अनुमति निकाली गई और दूसरे गांव की महिला “मीना तिघरा” के नाम से 12 महीने के लिए FD कर दी गई। खास बात यह है कि उस दिन पीड़िता न तो पोस्ट ऑफिस गई थीं और न ही उन्होंने कोई दस्तावेज भरा या हस्ताक्षर किए। इससे पूरे मामले में गंभीर अनियमितता की आशंका जताई जा रही है।

मीना का आरोप है कि इस पूरे मामले में पोस्ट ऑफिस के कुछ कर्मचारियों और एजेंट सतीश गुप्ता की मिलीभगत है। उन्होंने बताया कि उनकी पासबुक एजेंट के कब्जे में थी और उसी के जरिए यह पूरा लेन-देन किया गया।

एक ही खाते को दो लोगों द्वारा चलाने का आरोप

मामला तब और पेचीदा हो गया जब यह जानकारी सामने आई कि एक ही खाते को दो अलग-अलग लोग संचालित कर रहे थे। दूसरी ओर, जिस खाते में पैसा ट्रांसफर हुआ, वह खाताधारक खुद इस लेन-देन से अनजान होने की बात कह रहा है। इससे पूरे प्रकरण में फ्रॉड की आशंका और मजबूत हो गई है।

लगातार निकासी से बढ़ी चिंता

पीड़िता के अनुसार, पहली घटना के बाद भी खाते से ₹21,000 और 28 मार्च 2026 को ₹20,000 की अतिरिक्त निकासी बिना अनुमति और हस्ताक्षर के कर ली गई। इसके बावजूद अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हो सकी है, जिससे विभागीय लापरवाही पर सवाल उठ रहे हैं।

 पोस्ट मास्टर का बयान

जब इस पूरे मामले पर पोस्ट मास्टर से बातचीत की गई, तो उन्होंने कहा कि मामले की पूरी स्पष्टता अभी सामने नहीं आई है। उनके अनुसार दोनों पक्षों के पास कुछ कागजात हैं, लेकिन स्थिति स्पष्ट नहीं है। हालांकि, इतनी गंभीर शिकायत के बावजूद अब तक कोई आधिकारिक रिपोर्ट दर्ज न होना भी सवाल खड़े कर रहा है।

जांच की मांग तेज

फिलहाल, यह मामला पूरे क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है। स्थानीय लोगों ने पारदर्शी जांच, दोषियों पर सख्त कार्रवाई और पीड़िता को न्याय दिलाने की मांग की है। अब देखना होगा कि प्रशासन इस मामले में क्या कदम उठाता है और सच्चाई कब तक सामने आती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *