पिपरा खाली में युवक की पीट-पीटकर हत्या, इलाके में सनसनी

चार आरोपी हिरासत में, पुलिस जांच में जुटी—पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार

राहुल सिंह 

आनंदनगर। फरेंदा थाना क्षेत्र के पिपरा खाली गांव में एक युवक की बेरहमी से पीट-पीटकर हत्या किए जाने का मामला सामने आया है, जिससे पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई है। इस घटना में एक अन्य युवक भी घायल हो गया है, जिसका उपचार चल रहा है।

जानकारी के अनुसार, पुरंदरपुर थाना क्षेत्र के बरगदवा निवासी अमजद अली को गांव का ही युवराज चौधरी रविवार सुबह करीब 11 बजे अपने साथ लेकर गया था। परिजनों के मुताबिक, देर रात लगभग 11 बजे अटकहवा नहर के पास कुछ युवकों द्वारा अमजद के साथ मारपीट किए जाने की सूचना मिली।

सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे, जहां अमजद अली मृत अवस्था में मिला, जबकि युवराज घायल अवस्था में पड़ा था। मृतक के पिता अकबर अली ने फरेंदा थाने में तहरीर देकर बेटे की हत्या का आरोप लगाया है।

घटना स्थल फरेंदा थाना क्षेत्र में होने के कारण पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। थाना अध्यक्ष योगेंद्र राय ने बताया कि मामले में चार आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा। पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *