अक्षय तृतीया पर केसरिया रंग में रंगा पटा पूरा कस्बा
उमेश चन्द्र त्रिपाठी
महराजगंज जिले के नौतनवां में अक्षय तृतीया के अवसर पर भगवान परशुराम का जन्मोत्सव भव्य रूप से मनाया गया। इस दौरान मां बनैलिया मंदिर प्रांगण स्थित भगवान परशुराम मंदिर में विशेष पूजा-अर्चना की गई और एक भव्य शोभायात्रा निकाली गई।
शोभायात्रा बरगदवा थाना क्षेत्र के पड़ियाताल हनुमान मंदिर से शुरू होकर नौतनवां परशुराम मंदिर तक पहुंची। इस यात्रा में भगवान श्री परशुराम मंदिर सेवा समिति पूर्वांचल के पदाधिकारियों, ब्राह्मण समाज और विभिन्न भक्तों ने भाग लिया। मुख्य सड़कें केसरिया ध्वजों और पताकाओं से सजी थीं, जबकि गाजे-बाजे और पारंपरिक वाद्य यंत्रों की धुन पर भक्त थिरकते हुए ‘जय परशुराम’ और ‘विप्र एकता’ जिंदाबाद के जयकारे लगा रहे थे।

शोभायात्रा का मुख्य आकर्षण भगवान परशुराम के जीवन चरित्र और उनकी शौर्य गाथा को दर्शाती झांकियां थीं। इन झांकियों के माध्यम से नई पीढ़ी को भगवान परशुराम के आदर्शों और धर्म की स्थापना के लिए उनके संघर्षों से अवगत कराया गया। श्रद्धालुओं ने जगह-जगह रुककर इन झांकियों के दर्शन किए और आरती उतारी।
यात्रा के दौरान सामाजिक संगठनों और व्यापारियों ने जगह-जगह पुष्प वर्षा कर शोभायात्रा का स्वागत किया। श्रद्धालुओं के लिए शीतल पेयजल और जलपान की भी व्यवस्था की गई थी। प्रशासन ने शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए थे।
जन्मोत्सव ने न केवल धार्मिक आस्था का प्रदर्शन किया गया, बल्कि समाज में एकजुटता और संस्कृति के संरक्षण का संदेश भी दिया।
इस अवसर पर नौतनवां के पूर्व ब्लाक प्रमुख प्रतिनिधि राम आधार दुबे, नगर पालिका नौतनवां के अध्यक्ष बृजेश मणि त्रिपाठी, हिंदू युवा वाहिनी के पूर्व जिलाध्यक्ष नरसिंह पाण्डेय, वरिष्ठ भाजपा नेता दीपक त्रिपाठी उर्फ दीपक बाबा, दीपक पाण्डेय, रेवेन्यू बार एसोसिएशन नौतनवां के पूर्व अध्यक्ष गिरीश चंद्र त्रिपाठी, विजय शुक्ला,अश्वनी दुबे उर्फ राजू दुबे और ज्वाला शुक्ला, सतीश त्रिपाठी, संजय त्रिपाठी, संतोष पाण्डेय समेत बड़ी संख्या में विप्रजन उपस्थित रहे।