राजमार्ग चौराहे पर युवाओं का प्रदर्शन, “सुदन गुरुङ का इस्तीफा वापस लो” के लगे नारे
मनोज कुमार त्रिपाठी
बुटवल (नेपाल):
बुटवल में फुटपाथ अतिक्रमण हटाने को लेकर प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए अभियान को और तेज कर दिया है। बुटवल उपमहानगरपालिका द्वारा चलाया जा रहा फुटपाथ क्लियर अभियान लगातार जारी है। शहर के प्रमुख बाजार और व्यस्त इलाकों में बुलडोज़र चलाकर अवैध कब्जे हटाए गए, जिससे कई जगहों पर अफरा-तफरी का माहौल देखने को मिला।
प्रशासन का कहना है कि यह अभियान शहर को व्यवस्थित करने और यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के उद्देश्य से चलाया जा रहा है। वहीं दूसरी ओर, कई व्यापारी और स्थानीय लोग इस कार्रवाई से नाराज नजर आए और उन्होंने वैकल्पिक व्यवस्था की मांग की है।
इसी बीच राजमार्ग चौराहे पर युवाओं ने जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान युवाओं ने सुदन गुरुङ का इस्तीफा वापस लेने की मांग करते हुए नारे लगाए—
“सुदन गुरुङ का इस्तीफा वापस लो”,
“एक ही नारा, हमारी आवाज”,
“सुदन गुरुङ ज़िंदाबाद”।
प्रदर्शनकारियों का कहना है कि प्रशासनिक फैसलों में पारदर्शिता की कमी रही है और आम जनता की समस्याओं को नजरअंदाज किया गया। युवाओं ने चेतावनी दी कि “आग बुझी नहीं है, सिर्फ थोड़ी देर के लिए धीमी हुई है” और आंदोलन आगे भी जारी रहेगा।
फुटपाथ अभियान और प्रदर्शन के चलते बुटवल का माहौल काफी गरमाया हुआ है। प्रशासन ने साफ कहा है कि अभियान आगे भी जारी रहेगा और शहर को अतिक्रमण मुक्त बनाने के लिए सख्त कदम उठाए जाएंगे।