नौतनवा रेलवे स्टेशन पार्किंग स्टैंड पर मनमानी, नेपाली नागरिक से जबरन वसूली का आरोप

रसीद मांगने पर धमकी और बदसलूकी, स्टेशन मास्टर के समझाने पर भी नहीं माने कर्मचारी

मनोज कुमार त्रिपाठी 

नौतनवा/महराजगंज। नौतनवा रेलवे स्टेशन स्थित पार्किंग स्टैंड पर अवैध वसूली और कर्मचारियों की दबंगई का मामला सामने आया है। पीड़ित व्यक्ति ने आरोप लगाया है कि वह नेपाल (भैरहवा) निवासी है और 14 अप्रैल 2026 को अपनी नेपाली नंबर की मोटरसाइकिल रेलवे स्टेशन पार्किंग में खड़ी कर रसीद मांगने गया था।

पीड़ित के अनुसार, जब उसने पार्किंग रसीद की मांग की तो कर्मचारियों ने पहले टालमटोल किया। दोबारा रसीद मांगने पर कहा गया कि यदि रसीद लेंगे तो ₹20 देने होंगे, और बिना रसीद के ₹10 में काम हो जाएगा। पीड़ित ने बताया कि दो दिन पहले उसी स्थान पर ₹10 ही लिया गया था, लेकिन इस पर कर्मचारी उल्टा जवाब देने लगे और बदसलूकी करने लगे।

पीड़ित ने यह भी आरोप लगाया कि पार्किंग स्टैंड पर मौजूद दो-तीन लोग दबाव बनाने लगे और एक व्यक्ति उसका हेलमेट तक नहीं लौटाने दे रहा था। हैरानी की बात यह रही कि स्टैंड पर मौजूद किसी भी कर्मचारी के पास न तो वर्दी थी और न ही कोई पहचान पत्र (ID कार्ड)।

मामला बढ़ने पर पीड़ित ने प्लेटफॉर्म टिकट लेकर स्टेशन मास्टर से शिकायत की। स्टेशन मास्टर ने फोन करके और बाद में मौके पर बुलाकर कर्मचारियों को समझाने की कोशिश की, लेकिन आरोप है कि कर्मचारियों ने अपनी गलती मानने से इनकार कर दिया और कहा कि “हमने कुछ नहीं किया।”

पीड़ित का कहना है कि पार्किंग स्टैंड पर कार्यरत लोगों को प्रशासन का कोई भय नहीं है और यह लोग जनता के साथ-साथ अपने मालिक को भी ठग रहे हैं। घटना को लेकर स्टेशन प्रशासन से कार्रवाई की मांग की गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *