स्वास्थ्य व्यवस्था पर डीएम का बड़ा एक्शन, झोलाछाप डॉक्टरों-अवैध अस्पतालों पर चलेगा सख्त अभियान

लापरवाही पर नोटिस, सुधार न होने पर सेवा समाप्ति की चेतावनी

अस्पतालों में कूलिंग सेंटर बनाने के निर्देश

उमेश चन्द्र त्रिपाठी 

महराजगंज! जिले की स्वास्थ्य व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने सख्त तेवर अपनाते हुए झोलाछाप डॉक्टरों, अवैध अस्पतालों, पैथालॉजी सेंटरों और नियमविरुद्ध संचालित मेडिकल स्टोरों के खिलाफ व्यापक अभियान चलाने के निर्देश दिए हैं। 

कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित जिला स्वास्थ्य समिति की समीक्षा बैठक में डीएम ने साफ कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं में लापरवाही किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी। 

बैठक में जननी सुरक्षा योजना, मातृ एवं शिशु मृत्यु दर, टीकाकरण, गर्भवती महिलाओं की एएनसी जांच, संस्थागत प्रसव, आयुष्मान कार्ड, एनसीडी और क्षय रोग उन्मूलन सहित विभिन्न योजनाओं की गहन समीक्षा की गई। 

टीकाकरण और अन्य योजनाओं की खराब प्रगति पर नाराजगी जताते हुए संबंधित अधिकारियों व कर्मचारियों को नोटिस जारी करने तथा निर्धारित समय में सुधार न होने पर सेवा समाप्ति की कार्रवाई के निर्देश दिए गए। 

डीएम ने सरकारी अस्पतालों में मरीजों को जन औषधि केंद्रों पर उपलब्ध दवाएं ही लिखने, स्वास्थ्य पोर्टलों पर सटीक डाटा फीडिंग सुनिश्चित करने और स्टाफ के अभाव में बंद स्वास्थ्य केंद्रों को शीघ्र चालू कराने के निर्देश दिए। वहीं भीषण गर्मी को देखते हुए सभी सरकारी अस्पतालों, सीएचसी और पीएचसी में कूलिंग सेंटर स्थापित कर हीट वेव से बचाव के समुचित इंतजाम सुनिश्चित करने को कहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *