सहकारिता भवन लखनऊ में हुआ चुनाव, फरेंदा में समर्थकों ने मिठाई बांटकर और आतिशबाजी कर मनाया जश्न
राहुल सिंह
आनंदनगर : उत्तर प्रदेश के सहकारिता क्षेत्र से महत्वपूर्ण खबर सामने आई है। लखनऊ स्थित सहकारिता भवन में आयोजित प्रक्रिया के दौरान पूर्व विधायक फरेंदा चौधरी शिवेंद्र सिंह को उत्तर प्रदेश कॉपरेटिव यूनियन लिमिटेड का अध्यक्ष निर्विरोध निर्वाचित किया गया। इस खबर के सामने आते ही उनके समर्थकों में खुशी की लहर दौड़ गई।

फरेंदा कस्बे के विष्णु मंदिर तिराहे के पास स्थित उनके आवास पर सूचना मिलते ही भारी संख्या में समर्थक जुट गए। यहां लोगों ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर और आतिशबाजी कर खुशी का इजहार किया। पूरे इलाके में जश्न का माहौल देखने को मिला।
चौधरी शिवेंद्र सिंह भाजपा के सक्रिय और निष्ठावान कार्यकर्ता रहे हैं। उन्होंने पहली बार फरेंदा विधानसभा सीट से भाजपा के टिकट पर चुनाव जीतकर विधायक बने थे। इसके बाद उन्होंने चुनाव नहीं लड़ा, लेकिन लगातार पार्टी संगठन में सक्रिय रहकर कार्य करते रहे। पार्टी के प्रति उनकी निष्ठा और समर्पण को देखते हुए उन्हें यह महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है।

इस अवसर पर उनके सुपुत्र रविंद्र बहादुर सिंह के साथ हजारों समर्थकों ने कार्यालय पर पहुंचकर मिठाई वितरण किया और खुशी जाहिर की। कार्यक्रम में इंद्रजीत चौधरी, प्रमोद त्रिपाठी, राजेश जायसवाल, विवेक पांडेय, इशू चौरसिया, विनोद चौधरी, परमात्मा अग्रहरि, शैलेष पांडेय, ऋषभ ओझा, मनीष चौधरी, आशीष राव, रामनारायण शुक्ला, अजीत मणि त्रिपाठी, शिवम जायसवाल, शिवम पांडेय, सोनू कन्नौजिया, राकेश विश्वकर्मा, उपेंद्र यादव सहित कई लोग मौजूद रहे।
चौधरी शिवेंद्र सिंह का निर्विरोध अध्यक्ष चुना जाना न केवल उनके राजनीतिक अनुभव का सम्मान है, बल्कि सहकारिता क्षेत्र में उनके नेतृत्व से नई दिशा मिलने की उम्मीद भी जताई जा रही है।