उमेश चन्द्र त्रिपाठी / राहुल सिंह
उत्तर प्रदेश सरकार ने रविवार को प्रशासनिक स्तर पर बड़ा फेरबदल करते हुए महराजगंज के जिलाधिकारी का तबादला कर दिया है।
शासन द्वारा जारी आदेश के अनुसार, 2017 बैच के तेज-तर्रार आईएएस अधिकारी गौरव सिंह सोंगरवाल को महराजगंज की कमान सौंपी गई है। वहीं, अब तक यहां तैनात रहे संतोष कुमार शर्मा को फिरोजाबाद का नया जिलाधिकारी नियुक्त किया गया है।
बता दें कि महराजगंज के नवनियुक्त जिलाधिकारी गौरव सिंह सोंगरवाल मूल रूप से राजस्थान के रहने वाले हैं। 27 मार्च 1989 को जन्मे सोंगरवाल भारतीय प्रशासनिक सेवा के 2017 बैच के यूपी कैडर के अधिकारी हैं। उनकी गिनती प्रदेश के सुलझे हुए और विकास कार्यों में सक्रिय रहने वाले अधिकारियों में होती है। इससे पहले वह प्रदेश के अन्य महत्वपूर्ण पदों पर अपनी सेवाएं दे चुके हैं।
आईएएस गौरव सिंह सोंगरवाल की शैक्षणिक योग्यता काफी प्रभावी है। उन्होंने भारती विद्यापीठ पुणे से इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग में बी. टेक की डिग्री हासिल की है। इसके बाद उन्होंने दिल्ली के प्रतिष्ठित जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय से लोक प्रबंधन में एमए किया। तकनीक और प्रबंधन का यह मेल उनके प्रशासनिक कार्यशैली में भी स्पष्ट रूप से नजर आता है।
महराजगंज से विदा हो रहे जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा का कार्यकाल क्षेत्र में विकास योजनाओं को गति देने के लिए जाना जाएगा। अब उन्हें कांच की नगरी फिरोजाबाद की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी दी गई है। नए डीएम के आने की खबर के साथ ही महराजगंज प्रशासनिक गलियारे और आम जनता में नई उम्मीदें जगी हैं।