नेपाल कस्टम का बड़ा एक्शन: डीजल निकासी के शक में 10 लाख जुर्माना, एक आरोपी हिरासत में
मनोज कुमार त्रिपाठी
महराजगंज जिले के सोनौली सीमा क्षेत्र में नेपाल पुलिस और कस्टम विभाग ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए डीजल तस्करी के शक में दो भारतीय मालवाहक ट्रकों को जब्त कर लिया। बताया जा रहा है कि दोनों ट्रक नेपाल में नमक खाली करने के बाद वापस लौट रहे थे। इसी दौरान ट्रकों से संदिग्ध तरीके से डीजल निकाले जाने की सूचना पर नेपाल पुलिस ने कस्टम टीम के साथ छापेमारी की और दोनों वाहनों को कब्जे में ले लिया।
कार्रवाई के दौरान मौके से एक मोटरसाइकिल भी सीज की गई, जबकि एक व्यक्ति को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी गई है। सूत्रों के अनुसार सीमा क्षेत्र में लंबे समय से अवैध रूप से डीजल निकालकर तस्करी किए जाने की शिकायतें मिल रही थीं, जिसके बाद सुरक्षा एजेंसियों ने निगरानी बढ़ा दी थी।
नेपाल कस्टम कार्यालय ने मामले को गंभीर मानते हुए दोनों ट्रकों पर करीब 10 लाख रुपये का जुर्माना लगाया है। फिलहाल ट्रकों को नेपाल कस्टम कार्यालय में जब्त कर रखा गया है और हिरासत में लिए गए आरोपी से पूरे नेटवर्क व इसमें शामिल अन्य लोगों के बारे में पूछताछ की जा रही है।
इस कार्रवाई के बाद भारत-नेपाल सीमा पर सक्रिय तस्करों और अवैध कारोबार से जुड़े लोगों में हड़कंप मच गया है। सुरक्षा एजेंसियां अब सीमा क्षेत्र में निगरानी और सख्त करने की तैयारी में हैं ताकि अवैध गतिविधियों पर प्रभावी रोक लगाई जा सके।