सोनौली पुलिस ने सीमा पर एक अभियान के तहत किया 56 वाहनों का चालान

अवैध गतिविधियों और यातायात नियमों के उल्लंघन पर की गई कार्रवाई

उमेश चन्द्र त्रिपाठी 

महराजगंज जिले की सोनौली कोतवाली पुलिस ने सीमा क्षेत्र में अवैध गतिविधियों और यातायात नियमों के उल्लंघन के खिलाफ सख्त अभियान शुरू किया है। इस कार्रवाई के तहत पिछले दो दिनों में 56 वाहनों का चालान किया गया है।

वहीं दूसरी तरफ सोनौली पुलिस मालवाहक ट्रकों की लगातार जांच कर रही है। पुलिस ने साफ चेतावनी दी है कि यदि ट्रकों की अवैध ‘कटिंग’ कराते हुए कोई दलाल या संदिग्ध व्यक्ति पकड़ा गया तो उसके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

सोनौली थानाध्यक्ष महेंद्र मिश्रा ने जानकारी देते हुए बताया कि सीमा क्षेत्र में ट्रकों की आवाजाही के दौरान कई अनियमितताओं की शिकायतें मिल रही थीं, जिसके बाद यह विशेष चेकिंग अभियान चलाया गया। शुक्रवार को अकेले 1 लाख 49 हजार 500 रुपए का चालान किया गया।

पुलिस की इस कार्रवाई से वाहन चालकों और दलालों में हड़कंप मचा हुआ है। 

थानाध्यक्ष ने कहा कि यातायात नियमों का उल्लंघन, बिना कागजात वाहन चलाना, ओवरलोडिंग और अवैध वसूली जैसी गतिविधियों पर पुलिस की पैनी नजर है। उन्होंने यह भी बताया कि सीमा क्षेत्र में कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।

इस अभियान के दौरान सोनौली चौकी प्रभारी गौरव यादव पुलिस टीम के साथ गाड़ियों की सघन जांच करते दिखे। चेकिंग में पुलिसकर्मी अनूप कुमार, हरिवंश यादव, अवनीश यादव, दीपक मिश्रा सहित कई अन्य जवान शामिल रहे। पुलिस टीम ने वाहनों के कागजात, फिटनेस, ड्राइविंग लाइसेंस और सुरक्षा मानकों की भी जांच की।

स्थानीय लोगों ने पुलिस की इस कार्रवाई की सराहना की है। उनका कहना है कि लगातार चेकिंग और सख्ती से सीमा क्षेत्र में अवैध गतिविधियों पर रोक लगेगी और यातायात व्यवस्था भी बेहतर होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *