सिद्धार्थनगर जिले की मोहाना पुलिस और ककरहवा में तैनात एसएसबी की संयुक्त कार्यवाही में 16 बांग्लादेशी और दो नेपाली पासपोर्ट के साथ एक नेपाली नागरिक गिरफ्तार

उमेश चन्द्र त्रिपाठी 

भारत-नेपाल सीमा पर सुरक्षा एजेंसियों को बड़ी सफलता हाथ लगी है। थाना मोहाना पुलिस, एसएसबी ककरहवा और सीमा शुल्क इकाई ककरहवा की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए 18 पासपोर्ट के साथ एक नेपाली नागरिक को गिरफ्तार किया है। बरामद पासपोर्टों में 16 बांग्लादेशी और 2 नेपाली पासपोर्ट शामिल बताए जा रहे हैं।

प्राथमिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि बरामद बांग्लादेशी पासपोर्ट सीमा पार अवैध आवाजाही, मानव तस्करी अथवा फर्जी दस्तावेजों के जरिए लोगों को भारत-नेपाल मार्ग से दूसरे देशों तक भेजने के नेटवर्क से जुड़े हो सकते हैं। 

हालांकि पुलिस अभी इस पूरे मामले की गहन जांच में जुटी है और यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि पासपोर्ट किन लोगों के हैं, इन्हें कहां से लाया गया था और इनका इस्तेमाल किस उद्देश्य से किया जाना था।

गिरफ्तार नेपाली अभियुक्त से सुरक्षा एजेंसियां लगातार पूछताछ कर रही हैं। जांच एजेंसियां यह भी खंगाल रही हैं कि इस मामले में कोई अंतर्राष्ट्रीय गिरोह या सीमा पार सक्रिय एजेंट तो शामिल नहीं हैं। बरामद दस्तावेजों की सत्यता की जांच के लिए संबंधित विभागों और एजेंसियों से संपर्क किया जा रहा है।

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ पासपोर्ट अधिनियम की धारा-12 तथा भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 336(3) और 338 के तहत मुकदमा दर्ज कर उसे न्यायालय भेज दिया है। वहीं सुरक्षा एजेंसियों का कहना है कि मामले से जुड़े अन्य लोगों की तलाश जारी है और जांच के आधार पर आगे और गिरफ्तारियां भी हो सकती हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *