नौतनवां तहसील क्षेत्र अंतर्गत लक्ष्मीपुर ब्लाक के ग्राम पंचायत बेलासपुर का मामला
पीड़ित काट रहा है सरकारी दफ्तरों का चक्कर
उमेश चन्द्र त्रिपाठी
नौतनवां महराजगंज! महराजगंज जनपद के लक्ष्मीपुर ब्लॉक क्षेत्र के ग्राम पंचायत बेलासपुर निवासी 63 वर्षीय कृष्णदेव इन दिनों सरकारी दफ्तरों के चक्कर काटने को मजबूर हैं। वजह यह है कि सरकारी अभिलेखों में उन्हें मृत घोषित कर दिया गया है, जिसके चलते उनकी वृद्धा पेंशन पिछले दो वर्षों से बंद पड़ी है। जानकारी के अनुसार कृष्णदेव नियमित रूप से वृद्धा पेंशन प्राप्त कर अपना जीवनयापन कर रहे थे। लेकिन अचानक पेंशन बंद होने के बाद जब वह सीएससी सेंटर पर अपना खाता चेक कराने पहुंचे, तब उन्हें पता चला कि रिकॉर्ड में उन्हें मृत दर्शाया गया है। यह जानकारी मिलते ही बुजुर्ग की चिंता बढ़ गई।
कृष्णदेव का कहना है कि वह कई बार तहसील और ब्लॉक कार्यालय पहुंचकर अधिकारियों से गुहार लगा चुके हैं। दस्तावेज दिखाकर खुद के जीवित होने का प्रमाण भी दे चुके हैं, लेकिन अब तक उनकी समस्या का समाधान नहीं हो सका है।
पेंशन बंद होने से बुजुर्ग आर्थिक संकट से जूझ रहे हैं। दैनिक जरूरतों को पूरा करना भी उनके लिए कठिन हो गया है। ग्रामीणों का कहना है कि सरकारी अभिलेखों में हुई इस बड़ी लापरवाही ने प्रशासनिक कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए जल्द जांच कर बुजुर्ग की पेंशन बहाल कराई जाए, ताकि उन्हें राहत मिल सके।