उमेश चन्द्र त्रिपाठी
महाराजगंज! भारत-नेपाल सीमा पर तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सोनौली पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। पुलिस ने भारत-नेपाल बॉर्डर के पास से 27 एंड्रॉयड मोबाइल फोन के साथ एक तस्कर को गिरफ्तार किया है।
पुलिस अधीक्षक महराजगंज शक्ति मोहन अवस्थी के निर्देश पर अपराध एवं तस्करी पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के दौरान थाना सोनौली पुलिस टीम द्वारा संदिग्ध व्यक्ति एवं वाहनों की चेकिंग की जा रही थी। इसी दौरान थाना क्षेत्र के ग्राम शेख फरेन्दा स्थित भारत-नेपाल बॉर्डर के पास से एक संदिग्ध व्यक्ति को पकड़ा गया।
तलाशी लेने पर उसके पास से 27 अदद एंड्रॉयड मोबाइल फोन बरामद हुए, जिन्हें अवैध रूप से तस्करी कर नेपाल ले जाया जा रहा था। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ थाना सोनौली में मु0अ0सं0 44/2026 धारा 317(2), 336(3), 338, 340 (2) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान दिनेश कलवार पुत्र राम समुझ कलवार, निवासी नौडिहवा वार्ड नंबर-11, भैरहवा, रुपनदेही, लुम्बिनी (नेपाल) के रूप में हुई है। आरोपी की उम्र करीब 37 वर्ष बताई जा रही है।
इस कार्रवाई को अंजाम देने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक अभिषेक जायसवाल (चौकी प्रभारी खनुआ), कांस्टेबल ऋषिमुनि राय, कांस्टेबल अमरेश राय और कांस्टेबल सुरेश सिंह शामिल रहे। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय भेज दिया है।