तहसील निचलौल में नजारत कर्मचारी स्व0 नन्दलाल के उत्तराधिकारी की नियुक्ति पर जिलाधिकारी गंभीर 

मृतक की पत्नी की इच्छा के अनुसार ही होगी नियुक्ति – जिलाधिकारी 

मनोज कुमार त्रिपाठी 

महराजगंज, 27 मई 2026, तहसील निचलौल के नजारत अनुभाग में कार्यरत नियमित चपरासी स्व0 नन्दलाल के निधन के उपरांत अनुकंपा नियुक्ति प्रकरण में जिलाधिकारी श्री गौरव सिंह सोगरवाल ने संवेदनशीलता एवं सख्ती के साथ सुनवाई करते हुए स्पष्ट निर्देश दिए कि तत्काल मृतक कर्मचारी की पत्नी की इच्छा एवं सहमति के अनुसार ही नियुक्ति की कार्यवाही सुनिश्चित की जाए।

प्रार्थिनी सोना देवी पत्नी स्व0 नन्दलाल निवासी ग्राम पनेवा पनेई, थाना कोतवाली, तहसील सदर, जनपद महराजगंज द्वारा जिलाधिकारी के समक्ष प्रस्तुत प्रार्थना पत्र में बताया गया कि उनके पति स्व0 नन्दलाल का निधन दिनांक 02 जनवरी 2026 को हो गया था। परिवार में पांच पुत्र हैं, जिनमें बड़े पुत्र अमित कुमार एवं दूसरे पुत्र अविनाश कुमार का विवाह हो चुका है। प्रार्थिनी ने आरोप लगाया कि बड़ा पुत्र एवं उसकी पत्नी उनके साथ अभद्र व्यवहार, गाली-गलौज एवं मारपीट करते हैं तथा अलग निवास करते हैं।

 

प्रार्थिनी ने अपने तीसरे पुत्र अभिषेक कुमार गौतम को अनुकंपा के आधार पर नियुक्ति दिए जाने हेतु पूर्ण सहमति व्यक्त की। साथ ही अन्य पुत्र अविनाश कुमार, अमिताभ कुमार एवं आदित्य कुमार ने भी इस पर सहमति प्रदान की। प्रार्थिनी ने यह भी अवगत कराया कि उनके भरण-पोषण, देखभाल तथा परिवार की जिम्मेदारियों का निर्वहन अभिषेक कुमार गौतम द्वारा किया जाएगा।

प्रकरण की सुनवाई के दौरान जिलाधिकारी श्री गौरव सिंह सोगरवाल ने आरोपित पुत्र को कड़ी चेतावनी देते हुए परिवार के प्रति जिम्मेदार एवं मर्यादित व्यवहार अपनाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मां–बाप की सेवा सभी संतानों का फर्ज है और इसके बदले किसी प्रकार की अपेक्षा करना अमानवीय और घृणित है। मां–बाप औलाद को सभी दिक्कतों को सहते हुए पाल–पोष कर बड़ा करते हैं और बड़े होने पर औलादों का ऐसा व्यवहार बेहद निंदनीय है। 

  

उन्होंने कहा कि नियुक्ति की कार्यवाही मृतक की पत्नी की इच्छानुसार ही होगा। जिलाधिकारी ने अतिरिक्त उपजिलाधिकारी श्री प्रेम प्रकाश पाण्डेय को निर्देशित किया कि मृतक कर्मचारी की पत्नी की इच्छा के अनुरूप नियुक्ति संबंधी आवश्यक कार्यवाही प्राथमिकता के आधार पर पूर्ण कराई जाए और पूरी प्रक्रिया की वीडियोग्राफी भी कराएं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *