महराजगंज में एंटी करप्शन टीम का बड़ा एक्शन

चौक स्थित उत्तर प्रदेश सहकारी ग्राम विकास बैंक में चल रहा था अवैध वसूली का खेल!

20 हजार रुपए की रिश्वत लेते सहायक फील्ड अफसर और डीडी राइटर गिरफ्तार

उमेश चन्द्र त्रिपाठी

महराजगंज! महराजगंज जनपद में भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए गोरखपुर की एंटी करप्शन (ट्रैप) टीम ने मंगलवार को उत्तर प्रदेश सहकारी ग्राम विकास बैंक के दो कर्मचारियों को 20 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तारी के बाद दोनों आरोपियों के खिलाफ विधिक कार्रवाई की जा रही है। मंगलवार को दोपहर 12:45 बजे ट्रैप टीम ने कार्रवाई करते हुए सहायक फील्ड अफसर हरेराम प्रसाद उत्तर प्रदेश सहकारी ग्राम विकास बैंक, महराजगंज तथा जय ओम यादव, सममति डीडी राइटर/चपरासी (अवैतनिक), शाखा महराजगंज को गिरफ्तार किया।

बताया गया कि शिकायतकर्ता के पिता के ऋण (लोन) की दूसरी किस्त बैंक से जारी कराने के एवज में दोनों आरोपियों द्वारा 20 हजार रुपये की रिश्वत मांगी गई थी। शिकायत मिलने के बाद एंटी करप्शन टीम ने योजना बनाकर कार्रवाई की और दोनों को रिश्वत की रकम लेते समय रंगे हाथ पकड़ लिया। गिरफ्तारी की कार्रवाई नगर पंचायत चौक स्थित ठेकी चौराहा के पास एक दुकान से की गई।

ट्रैप टीम ने मौके पर आवश्यक साक्ष्य जुटाने के बाद आरोपियों को हिरासत में ले लिया। इस मामले में थाना कोतवाली चौक में मुकदमा दर्ज कराने एवं अन्य विधिक कार्रवाई की प्रक्रिया जारी है।

एंटी करप्शन विभाग की इस कार्रवाई से सरकारी विभागों में हड़कंप मच गया है। अधिकारियों का कहना है कि भ्रष्टाचार के मामलों में आगे भी इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *