समाधान दिवस में लापरवाही पर डीएम सख्त, दो कानूनगो व दो लेखपालों से मांगा स्पष्टीकरण 

जनशिकायतों के गुणवत्तापूर्ण निस्तारण पर जोर, असंतोषजनक फीडबैक मिलने पर अधिकारियों की जवाबदेही तय

उमेश चन्द्र त्रिपाठी/मनोज कुमार त्रिपाठी 

महराजगंज! तहसील सदर सभागार में शनिवार को जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल एवं पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी की संयुक्त अध्यक्षता में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में जनसुनवाई कर आमजन की समस्याएं सुनी गईं। इस दौरान विभिन्न विभागों से संबंधित कुल 45 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से चार मामलों का निस्तारण मौके पर ही कर दिया गया, जबकि शेष मामलों को संबंधित विभागों को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण कार्रवाई के निर्देशों के साथ सौंपा गया। 

जनसुनवाई के दौरान जिलाधिकारी ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि शिकायतों के निस्तारण में किसी भी प्रकार की लापरवाही या उदासीनता स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने विशेष रूप से भूमि विवाद से जुड़े मामलों में त्वरित, निष्पक्ष एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने पर जोर दिया। साथ ही आईजीआरएस पोर्टल पर दर्ज शिकायतों के गुणवत्तापूर्ण निस्तारण तथा शिकायतकर्ताओं की संतुष्टि का प्रतिशत न्यूनतम 75 प्रतिशत तक बनाए रखने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने तहसीलदार सदर को धारा-24 एवं धारा-116 के मामलों में न्यायालय द्वारा पारित आदेशों का शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित कराने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री एवं शासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल जनशिकायतों के निस्तारण में किसी भी स्तर पर कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

समाधान दिवस के दौरान शिकायतों के निस्तारण में हीलाहवाली और गलत रिपोर्टिंग को लेकर जिलाधिकारी ने कड़ा रुख अपनाते हुए दो कानूनगो और दो लेखपालों के विरुद्ध स्पष्टीकरण जारी करने का निर्देश दिया। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि शिकायतों में अस्पष्ट, भ्रामक अथवा तथ्यहीन रिपोर्ट लगाने वाले राजस्व कर्मियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।

इसके अलावा जिलाधिकारी ने पिछली समाधान दिवस में प्राप्त शिकायतों का जिलास्तरीय अधिकारियों के माध्यम से रैंडम सत्यापन कराया, जिसमें चार शिकायतकर्ताओं ने निस्तारण से असंतोष व्यक्त किया। इस पर संबंधित अधिकारियों से भी स्पष्टीकरण तलब किया गया।

संपूर्ण समाधान दिवस में प्राप्त शिकायतों में राजस्व विभाग के 22, पुलिस विभाग के 13, विकास विभाग के 2 तथा अन्य विभागों से संबंधित मामले शामिल रहे। 

कार्यक्रम में मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ.एन.एन. प्रसाद, एसडीएम सदर जितेंद्र कुमार, तहसीलदार सदर पंकज शाही, जिला विकास अधिकारी बी.एन. कन्नौजिया समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *