2 साल से गायब था ई-रिक्शा, सचिव पर गिरी गाज
मनोज कुमार त्रिपाठी
महाराजगंज जनपद के नौतनवा विकासखंड क्षेत्र के ग्राम पंचायत सुकरौली उर्फ अरघा में ई-रिक्शा खरीद के नाम पर हुई कथित अनियमितता से जुड़ी खबर का बड़ा असर देखने को मिला है। सागर न्यूज़ द्वारा इस मामले को प्रमुखता से प्रसारित किए जाने के बाद जिला प्रशासन ने संज्ञान लेते हुए कार्रवाई की है।
गौरतलब है कि ग्राम पंचायत अरघा में लगभग दो वर्ष पूर्व स्वच्छता कार्य के लिए ई-रिक्शा खरीद के नाम पर सचिव के द्वारा करीब 1 लाख 40 हजार रुपये की धनराशि आहरित की गई थी। ग्राम प्रधान के द्वारा कई बार सचिव से इस को लेकर वार्ता की गई लेकिन रिक्शा नहीं आया ग्रामीणों का आरोप था कि भुगतान होने के बावजूद ई-रिक्शा गांव में कभी दिखाई नहीं दिया और न ही उसका उपयोग कूड़ा संग्रहण कार्य में किया गया।

सागर न्यूज़ ने मामले से जुड़े तथ्यों को प्रमुखता से उठाया था। खबर प्रसारित होने के बाद जिला पंचायत राज अधिकारी (डीपीआरओ) ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच कराई। प्रारंभिक जांच में अनियमितता के संकेत मिलने पर संबंधित ग्राम पंचायत सचिव अवधेश यादव को नोटिस जारी किया गया।
इसके बाद डीपीआरओ ने कार्रवाई करते हुए सचिव को निलंबित कर दिया है। इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में चर्चा का माहौल है और ग्रामीण इसे जवाबदेही तय करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मान रहे हैं।
ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते मामले की जांच नहीं होती तो सरकारी धन के उपयोग को लेकर उठ रहे सवाल अनुत्तरित ही रह जाते। वहीं अब लोगों की नजर आगे की जांच और संभावित अन्य जिम्मेदार व्यक्तियों पर होने वाली कार्रवाई पर टिकी हुई है।

फिलहाल, सागर न्यूज़ की खबर के बाद हुई इस कार्रवाई ने यह साबित कर दिया है कि जनहित के मुद्दों को मजबूती से उठाने पर प्रशासन भी संज्ञान लेने के लिए मजबूर होता है। खबरों के लिए बस इतना नया अपडेट लेकर होंगे फिर हाजिर तब तक के लिए दीजिए इजाजत जुड़े रहिए सागर न्यूज़ से रामसागर मिश्रा के साथ नमस्कार।