“तस्कर मस्त, प्रशासन भ्रष्ट” के लग रहे आरोप, भारत-नेपाल सीमा पर कथित तस्करी को लेकर उठे गंभीर सवाल

ठूठीबारी के थानाध्यक्ष की खुली पोल! पत्रकारों का फोन होल्ड पर रख सवालों से बचने का आरोप

रिपोर्ट: मनोज कुमार त्रिपाठी

द इंडिया एक्सप्रेस न्यूज़, ठूठीबारी (महराजगंज)

ठूठीबारी/महराजगंज। भारत-नेपाल सीमा से सटे ठूठीबारी थाना क्षेत्र में कथित तस्करी को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े हो रहे हैं। स्थानीय लोगों का आरोप है कि धरमपुर, झरही नदी, राजाबारी और बांधा क्षेत्र के रास्तों से अवैध रूप से सामान की आवाजाही जारी है, लेकिन इस पर प्रभावी अंकुश नहीं लग पा रहा है।

आरोप है कि एक ओर जहां ठूठीबारी के थानाध्यक्ष स्वयं को ईमानदार और कानून व्यवस्था के प्रति प्रतिबद्ध बताते हैं, वहीं दूसरी ओर पत्रकारों और आम नागरिकों के सवालों का जवाब देने से बचते नजर आते हैं। बताया जाता है कि हाल ही में एक पत्रकार द्वारा क्षेत्र में कथित तस्करी के संबंध में जानकारी लेने के लिए फोन किया गया, लेकिन थानाध्यक्ष ने फोन होल्ड पर रख दिया और बाद में कोई स्पष्ट जानकारी देने से इनकार कर दिया।

क्षेत्र के कुछ लोगों का कहना है कि वर्तमान थानाध्यक्ष के आने के बाद से सीमा क्षेत्र में कथित तस्करी की गतिविधियां तेज हुई हैं। लोगों का आरोप है कि यदि समय रहते इस पर सख्ती नहीं की गई तो भारत और नेपाल के बीच अवैध रूप से माल की आवाजाही को रोक पाना मुश्किल हो जाएगा।

स्थानीय स्तर पर “तस्कर मस्त, प्रशासन भ्रष्ट” जैसे आरोप भी सुनाई दे रहे हैं। लोगों का कहना है कि कई बार सूचनाएं दिए जाने के बावजूद अपेक्षित कार्रवाई नहीं होती, जिससे अवैध कारोबार करने वालों के हौसले बुलंद हैं।

हालांकि, प्रशासन की ओर से इस संबंध में कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। क्षेत्रवासियों ने उच्च अधिकारियों से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराकर आवश्यक कार्रवाई की मांग की है।

 पुलिस प्रशासन का पक्ष प्राप्त होने पर उसे भी प्रमुखता से प्रकाशित किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *