नई राष्ट्रवादी पार्टी के गठन का ऐलान, राजशाही और हिंदू राष्ट्र के एजेंडे के साथ सरकार का विकल्प देने का दावा
मनोज कुमार त्रिपाठी
काठमांडू। पूर्व धवल शमशेर राणा ने बालेन सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा है कि सरकार ने अपने शुरुआती कार्यकाल में ही कई गंभीर गलतियां कर दी हैं, जिसके कारण उसके अस्तित्व पर सवाल उठने लगे हैं। उन्होंने दावा किया कि सरकार के प्रति जनता का भरोसा तेजी से कम हो रहा है और देश एक नए राजनीतिक विकल्प की तलाश में है।
रविवार को काठमांडू में आयोजित राष्ट्रवादी दल के गठन संबंधी परिचयात्मक एवं जिम्मेदारी हस्तांतरण कार्यक्रम को संबोधित करते हुए राणा ने कहा कि 100 दिन पूरे होने से पहले ही बालेन सरकार की कार्यशैली पर व्यापक सवाल खड़े हो गए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार जनअपेक्षाओं पर खरी उतरने में विफल रही है।
राणा ने घोषणा की कि वे एक नई राजनीतिक पार्टी का गठन कर रहे हैं, जो राजशाही सहित लोकतांत्रिक व्यवस्था और नेपाल को हिंदू राष्ट्र बनाने के एजेंडे को आगे बढ़ाएगी। उन्होंने कहा कि यह नई पार्टी मौजूदा राजनीतिक दलों—यूएमएल, कांग्रेस, माओवादी और आरपीपी—से अलग एक मजबूत विकल्प के रूप में सामने आएगी।
उन्होंने कहा, “यदि बालेन सरकार देश में असफल होती है तो नेपाली जनता एक नए विकल्प की तलाश करेगी और वह विकल्प हमारी नई पार्टी होगी।”
राणा ने यह भी बताया कि पार्टी के नाम, झंडे और विस्तृत कार्यक्रम की औपचारिक घोषणा कुछ समय बाद की जाएगी। साथ ही उन्होंने आगामी स्थानीय निकाय चुनावों में नई पार्टी के भाग लेने की भी घोषणा की।
राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि राणा का यह बयान नेपाल की राजनीति में नई हलचल पैदा कर सकता है, खासकर ऐसे समय में जब सरकार की कार्यशैली को लेकर विभिन्न स्तरों पर बहस जारी है।