नौतनवां रेलवे अंडरपास के पास मध्य प्रदेश के रीवां निवासी व्यक्ति का मिला शव

उमेश चन्द्र त्रिपाठी 

नौतनवां महराजगंज! नौतनवां कस्बे के राजेंद्र नगर रेलवे अंडरपास के पास मंगलवार की सुबह एक व्यक्ति का शव मिलने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। सुबह राहगीरों ने शव को देखा और इसकी सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने मृतक के जेब से मिले एक मोबाइल के जरिए उसके परिजनों से संपर्क कर सूचना दी। वह मध्य प्रदेश का रहने वाला था।

बताया जा रहा है कि वह सोमवार की शाम से ही अंडरपास के पास बुरी हालत में मौजूद था। नशे के शक में लोगों ने उसे नजरअंदाज कर वहीं छोड़ दिया। जब सुबह हुई तो वह उसी स्थान पर मृत पाया गया।

घटनास्थल पर पहुंचे थानाध्यक्ष अभिषेक सिंह ने जांच के दौरान मृतक के पास से एक टूटा हुआ मोबाइल फोन बरामद किया गया। मोबाइल के माध्यम से संपर्क करने पर मृतक की पहचान श्रीनिवास सिंह चौहान पुत्र राजभान सिंह चौहान निवासी गायत्री नगर थाना विश्वविद्यालय, जिला रीवा मध्य प्रदेश के रूप में हुई।

मृतक की बेटी ने पुलिस को बताया कि उनके पिता कुछ घरेलू कारणों से परेशान थे और बद्रीनाथ जाने की बात कहकर घर से निकले थे। यह भी बताया कि उनकी तबीयत अक्सर खराब रहती थी। श्रीनिवास सिंह चौहान भारतीय सेना से सेवानिवृत्त थे और वर्तमान में एक कोयला कारखाने में कार्यरत थे। परिजनों के अनुसार उन्हें यह जानकारी नहीं है कि वह नेपाल सीमा कैसे पहुंच गए? पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

थानाध्यक्ष अभिषेक सिंह ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। परिजनों को सूचना दे दिया गया है। वह लोग महराजगंज के लिए निकल चुके हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *