काठमांडू के इन्फ्लुएंसर की भारतीय पर्यटकों पर कथित टिप्पणी से बढ़ा विवाद, सीमा क्षेत्र में नाराजगी

नेपाल सरकार ने कार्रवाई नहीं की तो बॉर्डर जाम करेंगे !

उमेश चन्द्र त्रिपाठी / मनोज कुमार त्रिपाठी 

सोनौली/महराजगंज। नेपाल में भारतीय पर्यटकों को लेकर सोशल मीडिया पर की गई कथित आपत्तिजनक टिप्पणी के बाद सीमा क्षेत्र में नाराजगी बढ़ती जा रही है। काठमांडू के एक इन्फ्लुएंसर द्वारा भारतीय पर्यटकों के संबंध में की गई कथित टिप्पणी को लेकर व्यापारियों, पर्यटन व्यवसायियों और स्थानीय लोगों ने कड़ी आपत्ति जताई है।

नौतनवा गौशाला समिति के संरक्षक ओमप्रकाश वर्मा ने कहा कि यदि नेपाल सरकार दोषियों के विरुद्ध शीघ्र कार्रवाई नहीं करती है तो आने वाले दिनों में विरोध प्रदर्शन और तेज किया जाएगा। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि आवश्यकता पड़ने पर सोनौली बॉर्डर जाम कर आंदोलन भी किया जाएगा।

इस मामले पर भाजपा नगर अध्यक्ष राजू जायसवाल तथा सभासद प्रेम जायसवाल ने भी नाराजगी व्यक्त करते हुए कहा कि भारतीय पर्यटकों का अपमान किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं है। उन्होंने दोनों देशों के मैत्रीपूर्ण संबंधों को बनाए रखने तथा दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की मांग की।

इसी बीच काठमांडू स्थित होटल हॉलिडे ताज में लखनऊ से गए भारतीय पर्यटकों के साथ कथित अभद्र व्यवहार और अतिरिक्त शुल्क वसूली का मामला भी सामने आया है। पर्यटकों का आरोप है कि फोन पर दी गई जानकारी और वास्तविक सुविधाओं में अंतर था तथा होटल पहुंचने के बाद अतिरिक्त धनराशि की मांग की गई। उन्होंने शिकायतों को गंभीरता से न लेने का भी आरोप लगाया है।

सीमा क्षेत्र के व्यापारियों का कहना है कि भारत और नेपाल के बीच वर्षों पुराने रोटी-बेटी के संबंध हैं। ऐसे में किसी भी प्रकार की भड़काऊ टिप्पणी या पर्यटकों के साथ दुर्व्यवहार दोनों देशों की मित्रता और पर्यटन उद्योग को नुकसान पहुंचा सकता है। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध उचित कार्रवाई की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *