भारत-नेपाल के पूर्व सैनिकों की संयुक्त बैठक में अहम निर्णय

सीएसडी कैंटीन सुविधाओं और पूर्व सैनिकों के हितों को लेकर बनाई जाएगी संयुक्त समिति

नौतनवा/सोनौली, 18 जून 2026। गुरुवार को प्रातः 11 बजे गोरखा स्कूल में भारतीय सेना से सेवानिवृत्त नेपाल एवं नौतनवा क्षेत्र के पूर्व सैनिकों की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में बताया गया कि नेपाल सीमा क्षेत्र में रहने वाले लगभग 5,000 पूर्व सैनिक एवं वीर नारियां भारतीय सेना द्वारा प्रदान की जाने वाली सीएसडी कैंटीन सुविधाओं से वंचित हैं। साथ ही जो पूर्व सैनिक कैंटीन से सामान खरीदकर लाते हैं, उन्हें सीमा पर विभिन्न प्रकार की कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है।

बैठक में जानकारी दी गई कि इस समस्या के समाधान हेतु गोरखपुर से एक बस सेवा प्रारंभ की जा रही है, जो सोनौली से गोरखपुर सीएसडी कैंटीन का सामान लेकर पुनः सोनौली बॉर्डर तक पहुंचाएगी। यह सुविधा जीआरडी कुनराघाट के कमांडेंट द्वारा निःशुल्क उपलब्ध कराई जा रही है और अगले माह से इसके संचालन की योजना है। उपस्थित पूर्व सैनिकों ने इस पहल को अत्यंत सराहनीय बताया।

बैठक में नेपाल में निवास कर रहे भारतीय पूर्व सैनिकों तथा महराजगंज जिले के पूर्व सैनिकों के संयुक्त संगठन के गठन का भी निर्णय लिया गया। आगामी बैठक नेपाल में आयोजित की जाएगी, जिसमें पदाधिकारियों का चुनाव किया जाएगा। यह संयुक्त समिति दोनों देशों के पूर्व सैनिकों एवं वीर नारियों के हितों से जुड़े मुद्दों पर कार्य करेगी।

बैठक में नेपाल के राष्ट्रीय अध्यक्ष कैप्टन भेष शंकर पुरी, नौतनवा पूर्व सैनिक संघ के अध्यक्ष नर बहादुर राना, सूबेदार मोहन थापा, कैप्टन डमर बहादुर गुरुंग (एसएम), राम कुमार थापा, कैप्टन श्याम किशोर थापा, नरेश राना, सूबेदार पदम प्रकाश जी.सी., सोनौली अध्यक्ष पृथा बहादुर गुरुंग, याम बहादुर गुरुंग, नर बहादुर कार्की, श्रीमती नीरू गुरुंग, प्रेमी सरा राना, लील बहादुर खड़का, हकम बहादुर राना, मैन बहादुर पून, रवि थापा, मीन बहादुर थापा सहित बड़ी संख्या में पूर्व सैनिक एवं वीर नारियां उपस्थित रहीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *