उमेश चन्द्र त्रिपाठी/ मनोज कुमार त्रिपाठी
सोनौली/नौतनवा, महराजगंज। भारत-नेपाल सीमा से सटे सोनौली क्षेत्र में शनिवार को धार्मिक आस्था और सुरक्षा व्यवस्था का अनूठा संगम देखने को मिला। पुलिस चौकी खनुआ परिसर में भगवान शिव के शिवलिंग की प्राण प्रतिष्ठा एवं धार्मिक अनुष्ठान श्रद्धा और उत्साह के साथ सम्पन्न हुआ। वहीं आगामी त्योहारों के मद्देनजर नौतनवा और सोनौली क्षेत्र में पुलिस प्रशासन द्वारा व्यापक फ्लैग मार्च निकालकर सुरक्षा और शांति व्यवस्था का संदेश दिया गया।
पुलिस चौकी खनुआ में आयोजित प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम के समापन अवसर पर पुलिस अधीक्षक महराजगंज शक्ति मोहन अवस्थी ने पूजा-अर्चना कर भगवान शिव का आशीर्वाद प्राप्त किया। इस दौरान क्षेत्राधिकारी नौतनवा बसंत कुमार सिंह, सोनौली थाना अध्यक्ष महेंद्र कुमार मिश्रा, एसएसबी के अधिकारी एवं जवान, पुलिस विभाग के अन्य अधिकारी-कर्मचारी तथा स्थानीय नागरिक मौजूद रहे। धार्मिक अनुष्ठान में श्रद्धालुओं ने क्षेत्र की सुख, शांति एवं समृद्धि की कामना की।
इसके उपरांत पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी एवं क्षेत्राधिकारी नौतनवा बसंत कुमार सिंह के नेतृत्व में थाना नौतनवा और थाना सोनौली पुलिस के अधिकारियों व कर्मचारियों ने अपने-अपने क्षेत्रों में फ्लैग मार्च निकाला। फ्लैग मार्च प्रमुख बाजारों, भीड़भाड़ वाले स्थानों एवं संवेदनशील क्षेत्रों से होकर गुजरा। इस दौरान पुलिस बल ने लोगों को सुरक्षा का एहसास कराया तथा शांति एवं सौहार्द बनाए रखने की अपील की।
पुलिस अधीक्षक ने अधिकारियों और कर्मचारियों को आगामी त्योहारों के दौरान विशेष सतर्कता बरतने, संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने तथा कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आमजन की सुरक्षा और शांतिपूर्ण माहौल बनाए रखना पुलिस प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
धार्मिक आयोजन और फ्लैग मार्च के माध्यम से पुलिस प्रशासन ने एक ओर आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक परंपराओं के प्रति सम्मान व्यक्त किया, वहीं दूसरी ओर सीमा क्षेत्र में सुरक्षा, कानून-व्यवस्था और सामाजिक सौहार्द बनाए रखने के प्रति अपनी प्रतिबद्धता का भी परिचय दिया।