सोनौली गौशाला में गायों की मौत का सिलसिला जारी, मृत पशु को ले जा रहे वाहन को लोगों ने रोका

मनोज कुमार त्रिपाठी 

महराजगंज/सोनौली, सोमवार। सोनौली नगर पालिका क्षेत्र स्थित गौशाला में गायों की लगातार हो रही मौतों को लेकर स्थानीय लोगों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। सोमवार सुबह करीब 9:30 बजे एक मृत गाय को गौशाला से हटाने के लिए पहुंचे वाहन को लोगों ने रोक लिया, जिसके बाद मामला चर्चा का विषय बन गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, नौतनवा नगर पालिका की एक गाड़ी गौशाला परिसर में पहुंची और वहां से एक मृत गाय को ले जाने का प्रयास किया जा रहा था। स्थानीय लोगों ने वाहन को रोककर मामले की जानकारी ली। इस दौरान मौके पर काफी देर तक गहमागहमी का माहौल बना रहा।

स्थानीय लोगों का आरोप है कि गौशाला में पिछले कुछ समय से लगातार गायों की मौत हो रही है और हर दो-तीन दिन में एक या अधिक गायों के मरने की घटनाएं सामने आ रही हैं। लोगों का कहना है कि गौशाला की व्यवस्थाओं और पशुओं की देखभाल की गहन जांच कराई जानी चाहिए।

स्थानीय लोगों का दावा है कि वाहन चालक जितेंद्र ने पूछताछ के दौरान बताया कि उसे नगर पालिका सोनौली के बड़े बाबू संजय श्रीवास्तव द्वारा मृत गाय को हटाने के लिए भेजा गया था। इस दौरान मौके पर मौजूद लोगों ने पूरे घटनाक्रम का वीडियो भी बनाया।

मामले को लेकर जब अधिशासी अधिकारी (ईओ) सुरभि मिश्रा से बात की गई तो उन्होंने बताया कि घटना की जानकारी मिली है। पूरे प्रकरण की जांच कराई जा रही है और जांच रिपोर्ट के आधार पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि गौशाला की व्यवस्थाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही पाए जाने पर जिम्मेदारों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

मामले के तूल पकड़ने के बाद सोनौली थानाध्यक्ष महेंद्र कुमार मिश्र ने नगर पालिका के संबंधित कर्मचारियों और अधिकारियों को शाम में थाना सोनौली पर उपस्थित होने के लिए कहा है। सूत्रों के मुताबिक, मृत गाय को ले जाने और गौशाला की व्यवस्थाओं को लेकर उठे सवालों के संबंध में जानकारी एकत्र की जा रही है। अब सभी की निगाहें प्रशासनिक जांच और उसके निष्कर्षों पर टिकी हुई हैं।

स्थानीय नागरिकों ने गौशाला में रह रही गायों के स्वास्थ्य, चारे, पानी और देखभाल की व्यवस्था की निष्पक्ष जांच की मांग की है। उनका कहना है कि लगातार हो रही मौतों के कारणों को सार्वजनिक किया जाना चाहिए ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

फिलहाल नगर पालिका प्रशासन द्वारा मामले की जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद ही पूरे मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *