सोनौली के बाद अब नौतनवा नगरपालिका में नाली निर्माण पर उठे सवाल, पहली ही बरसात में टूटा स्लैब

मनोज कुमार त्रिपाठी 

नौतनवा, महराजगंज। सोनौली नगरपालिका से जुड़े मामलों की चर्चा अभी थमी भी नहीं थी कि अब नौतनवा नगरपालिका परिषद के वार्ड नंबर-13 महेंद्र नगर में नाली निर्माण कार्य विवादों में आ गया है। स्थानीय लोगों ने निर्माण कार्य में घटिया सामग्री इस्तेमाल किए जाने का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि पहली ही बरसात में नाली का स्लैब टूट गया, जिससे निर्माण की गुणवत्ता पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।

क्षेत्रवासियों का आरोप है कि निर्माण कार्य में मानकों की अनदेखी करते हुए निम्न गुणवत्ता की बालू, सीमेंट और सरिया का प्रयोग किया गया। उनका कहना है कि यदि निर्माण कार्य निर्धारित मानकों के अनुसार हुआ होता तो पहली बारिश में ही स्लैब क्षतिग्रस्त नहीं होता।

स्थानीय नागरिकों ने यह भी आरोप लगाया कि नगरपालिका में जल निकासी, पंडित दीनदयाल योजना, झील-तालाब, अटलांसी, नगरोद्धार, गौशाला एवं सड़क सुधार जैसी विभिन्न योजनाओं के तहत करोड़ों रुपये के विकास कार्य कराए जा रहे हैं, लेकिन उनकी गुणवत्ता और पारदर्शिता को लेकर लगातार सवाल उठते रहे हैं।

लोगों का कहना है कि निर्माण कार्यों की जानकारी मांगने पर उन्हें संतोषजनक जवाब नहीं मिलता, जिसके कारण कई बार सूचना का अधिकार (आरटीआई) का सहारा लेना पड़ता है।

इस संबंध में नगरपालिका के बड़े बाबू का पक्ष जानने का प्रयास किया गया, लेकिन उनसे संपर्क नहीं हो सका। उनका पक्ष प्राप्त होने पर उसे भी प्रमुखता से प्रकाशित किया जाएगा।

क्षेत्रवासियों ने मांग की है कि वार्ड नंबर-13 में हुए नाली निर्माण कार्य की तकनीकी एवं निष्पक्ष जांच कराई जाए। यदि जांच में निर्माण सामग्री की गुणवत्ता में कमी, वित्तीय अनियमितता अथवा अन्य गड़बड़ी सामने आती है तो संबंधित अधिकारियों एवं जिम्मेदार व्यक्तियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *