“आस्था के नाम पर 2 करोड़ का मंदिर निर्माण, लेकिन सवालों के घेरे में काम! ग्रामीणों का गुस्सा, बाबा अनजान, नगर पालिका की बातचीत ने बढ़ाए सवाल”

मनोज कुमार त्रिपाठी 

सोनौली/नौतनवा। नगर पालिका परिषद नौतनवा के बक्श क्षेत्र स्थित मरचाहे बाबा की कुटी परिसर में राम जानकी मंदिर के धर्मशाला निर्माण कार्य को लेकर स्थानीय लोगों में नाराज़गी बढ़ती जा रही है। करीब 2 करोड़ रुपये की लागत वाली इस परियोजना की निर्माण गुणवत्ता और प्रगति पर ग्रामीण लगातार सवाल उठा रहे हैं। स्थानीय महिलाओं का आरोप है कि लंबे समय से निर्माण कार्य चल रहा है, लेकिन आज भी काम अधूरा है। उनका कहना है कि करोड़ों रुपये खर्च होने की बात कही जाती है, लेकिन ज़मीन पर उसका अपेक्षित परिणाम दिखाई नहीं देता।

मंदिर परिसर में रहने वाले बाबा से जब निर्माण कार्य और खर्च हुई धनराशि के बारे में सवाल किया गया, तो उन्होंने स्पष्ट कहा कि उन्हें इस संबंध में कोई आधिकारिक जानकारी नहीं है। उन्होंने बताया कि लोगों से बड़ी धनराशि आने की बातें सुनी हैं, लेकिन वास्तव में कितनी राशि स्वीकृत हुई, कितनी खर्च हुई और निर्माण किस चरण में है, इसकी जानकारी उनके पास नहीं है।

वहीं, नगर पालिका के एक कर्मचारी से हुई बातचीत में यह बात सामने आई कि मंदिर निर्माण परियोजना की लागत करीब 2 करोड़ रुपये है। बातचीत में यह भी कहा गया कि संबंधित ठेकेदार और अन्य विवरण फाइल देखकर उपलब्ध कराए जा सकते हैं। इस बातचीत के बाद निर्माण कार्य की पारदर्शिता को लेकर नए सवाल खड़े हो गए हैं।

अब स्थानीय लोगों की मांग है कि मंदिर निर्माण से जुड़े सभी वित्तीय रिकॉर्ड, भुगतान विवरण, कार्यदायी संस्था, ठेकेदार का नाम और निर्माण की प्रगति सार्वजनिक की जाए, ताकि यह स्पष्ट हो सके कि स्वीकृत धनराशि का उपयोग किस प्रकार हुआ और निर्माण अब तक अधूरा क्यों है।

सबसे बड़ा सवाल यही है— यदि निर्माण कार्य निर्धारित योजना के अनुसार चल रहा है, तो आज भी लोगों को स्पष्ट जवाब क्यों नहीं मिल रहे? और यदि सब कुछ नियमों के अनुसार हुआ है, तो पूरा विवरण सार्वजनिक करने में देरी क्यों?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *