नेपाल में 1.85 करोड़ रुपये की कथित ठगी का आरोप, संपत्ति हड़पने के बाद अब फर्जी मुकदमों में फंसाने का दावा

“घर भी गया, पैसा भी नहीं मिला” – पीड़ित का आरोप, चेक लेकर अब उल्टा बना रहे आरोपी

मनोज कुमार त्रिपाठी 

भैरहवा (नेपाल)। नेपाल के भैरहवा स्थित सिद्धार्थनगर नगरपालिका-4 के एक व्यक्ति ने गंभीर आरोप लगाते हुए दावा किया है कि उसे सुनियोजित तरीके से करीब 1.85 करोड़ नेपाली रुपये की कथित ठगी का शिकार बनाया गया। पीड़ित का कहना है कि आरोपी ने पहले व्यापार में साझेदारी और आर्थिक सहयोग का भरोसा दिलाकर उसका विश्वास जीता, फिर उसकी जमीन और मकान अपनी कंपनी के नाम पर करा लिया।

पीड़ित के अनुसार, संपत्ति के बदले करीब 1 करोड़ 85 लाख नेपाली रुपये देने का समझौता हुआ था, लेकिन आज तक उसे कोई भुगतान नहीं मिला। इतना ही नहीं, आरोपी ने कथित रूप से उससे कई चेक भी अपने पास रख लिए और अब उन्हीं चेकों के आधार पर उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई कर उसे फर्जी मामलों में फंसाने की कोशिश की जा रही है।

पीड़ित का आरोप है कि आरोपी आर्थिक रूप से परेशान लोगों को निशाना बनाता है। पहले उनकी मदद करने और कारोबार बढ़ाने का भरोसा देता है, फिर धीरे-धीरे उनकी संपत्ति, दस्तावेज और चेक अपने कब्जे में लेकर उन्हें आर्थिक और कानूनी संकट में डाल देता है।

पीड़ित ने बताया कि उसने इस मामले की शिकायत संबंधित अधिकारियों से कई बार की है, लेकिन अब तक उसे न्याय नहीं मिला। उसने मांग की है कि या तो उसकी संपत्ति का पूरा 1.85 करोड़ नेपाली रुपये का भुगतान किया जाए या फिर उसकी जमीन और मकान वापस किए जाएं। साथ ही उसने आम लोगों से अपील की कि किसी भी व्यक्ति के झांसे में आकर बिना कानूनी जांच के संपत्ति या बैंक संबंधी दस्तावेजों पर हस्ताक्षर न करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *