रिपोर्ट: मनोज कुमार त्रिपाठी
द इंडिया एक्सप्रेस न्यूज़
नौतनवा, महराजगंज। नौतनवा नगर के प्रमुख एवं व्यस्त चौराहों पर पुलिस द्वारा की जा रही वाहन चेकिंग को लेकर स्थानीय लोगों और व्यापारियों में नाराजगी देखने को मिल रही है। इसी मुद्दे को लेकर भाजपा के वरिष्ठ नेता जितेंद्र जायसवाल के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने क्षेत्राधिकारी (सीओ) बसंत कुमार सिंह को ज्ञापन सौंपकर चेकिंग व्यवस्था में बदलाव की मांग की।
ज्ञापन में कहा गया कि नगर के सबसे व्यस्त चौराहों पर वाहन चेकिंग किए जाने से आम नागरिकों, व्यापारियों, विद्यार्थियों और मरीजों को अनावश्यक जाम एवं असुविधा का सामना करना पड़ रहा है। कई बार लंबी कतारें लगने से लोगों का समय बर्बाद होता है और यातायात व्यवस्था भी प्रभावित होती है।

भाजपा नेता जितेंद्र जायसवाल ने कहा कि पुलिस द्वारा कानून-व्यवस्था बनाए रखना और अपराधियों पर कार्रवाई करना आवश्यक है, लेकिन वाहन चेकिंग ऐसी जगहों पर की जानी चाहिए, जहां आम जनता को अनावश्यक परेशानी न हो। उन्होंने मांग की कि नगर के भीड़भाड़ वाले चौराहों के बजाय वैकल्पिक स्थानों पर वाहन चेकिंग कराई जाए, ताकि सुरक्षा व्यवस्था भी बनी रहे और यातायात भी सुचारु रूप से चलता रहे।
ज्ञापन प्राप्त करने के बाद क्षेत्राधिकारी (सीओ) बसंत कुमार सिंह ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि उनकी मांगों पर गंभीरता से विचार किया जाएगा तथा आवश्यक और उचित कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि पुलिस का उद्देश्य कानून-व्यवस्था बनाए रखना है, लेकिन आम जनता की सुविधा का भी पूरा ध्यान रखा जाएगा।
इस अवसर पर भाजपा कार्यकर्ता, स्थानीय व्यापारी एवं नगर के अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।