उमेश चन्द्र त्रिपाठी/मनोज कुमार त्रिपाठी
नौतनवां, महराजगंज! नौतनवां तहसील रेवेन्यू बार एसोसिएशन परिसर में बुधवार को क्षेत्रीय विधायक ऋषि त्रिपाठी का अधिवक्ताओं ने भव्य स्वागत किया। बार एसोसिएशन के अध्यक्ष अधिवक्ता राजेश कुमार श्रीवास्तव की अगुवाई में आयोजित कार्यक्रम में विधायक ने अधिवक्ताओं से आत्मीय मुलाकात की और उनकी समस्याएं सुनीं।

कार्यक्रम के दौरान अधिवक्ताओं ने तहसील परिसर में लंबे समय से बनी पेयजल समस्या को प्रमुखता से उठाया। बताया गया कि भीषण गर्मी में अधिवक्ताओं, वादकारियों और आम नागरिकों को पीने के पानी के लिए काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है। कई लोगों को पानी के लिए दुकानों या हैंडपंपों का सहारा लेना पड़ता है।
अधिवक्ता विजय चौरसिया ने विधायक के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि बार एसोसिएशन की ओर से लंबे समय से तहसील परिसर में समरसेबल पंप लगाने की मांग की जा रही थी। उन्होंने बताया कि विधायक ने स्वयं उन्हें बुलाकर मुलाकात की और अधिवक्ताओं की समस्या को गंभीरता से सुना। विधायक द्वारा समरसेबल पंप लगवाने की स्वीकृति दिए जाने पर उन्होंने बार एसोसिएशन, कार्यकारिणी तथा सभी अधिवक्ताओं की ओर से उनका धन्यवाद ज्ञापित किया।

वहीं अधिवक्ता नागेंद्र शुक्ला ने बताया कि बार एसोसिएशन के अध्यक्ष राजेश कुमार श्रीवास्तव लगातार इस मुद्दे को उठाते रहे हैं। उन्होंने जिलाधिकारी, मंडलायुक्त तथा शासन स्तर तक पत्राचार कर तहसील परिसर में पेयजल व्यवस्था की मांग की थी। उनका कहना था कि गर्मी के मौसम में अधिवक्ताओं, वादकारियों और आम लोगों को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध न होने से भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है।

इस अवसर पर विधायक ऋषि त्रिपाठी ने आश्वासन दिया कि तहसील परिसर में अधिवक्ताओं, फरियादियों एवं आम नागरिकों की सुविधा के लिए शीघ्र समरसेबल पंप स्थापित कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि तहसील में प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोग अपनी समस्याओं के समाधान के लिए आते हैं, इसलिए स्वच्छ पेयजल की व्यवस्था सुनिश्चित कराना उनकी प्राथमिकताओं में शामिल है।
विधायक के आश्वासन के बाद बार एसोसिएशन के पदाधिकारियों एवं अधिवक्ताओं ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उम्मीद जताई कि वर्षों पुरानी पेयजल समस्या का जल्द स्थायी समाधान होगा।
इस अवसर पर उपजिलाधिकारी नौतनवां नवीन प्रसाद के अलावा बड़ी संख्या में अधिवक्तागण मौजूद रहे।