मनोज कुमार त्रिपाठी
घुघली, महराजगंज। डीएवी नारंग इंटर कॉलेज, घुघली में रविवार को ‘हरियाली उत्सव’ के अवसर पर ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं ने उत्साह के साथ पौधे लगाए और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
कार्यक्रम की सबसे खास बात यह रही कि विद्यार्थियों ने केवल पौधे लगाने तक खुद को सीमित नहीं रखा, बल्कि उनके बड़े होने तक नियमित देखभाल करने का संकल्प भी लिया। इस पहल ने पर्यावरण के प्रति बच्चों की जिम्मेदारी और जागरूकता को दर्शाया।
प्रधानाचार्य जोगेंद्र प्रसाद ने कहा कि पेड़ केवल पर्यावरण को संतुलित नहीं रखते, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ और सुरक्षित भविष्य की नींव भी हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी सुरक्षा करने का आह्वान किया।
जिला क्रीड़ा सचिव अजय कुमार श्रीवास्तव ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल एक अभियान नहीं, बल्कि हर नागरिक की नैतिक जिम्मेदारी है। उन्होंने विद्यार्थियों के उत्साह की सराहना करते हुए इसे समाज के लिए प्रेरणादायक बताया।
इस अवसर पर शिक्षकों ने पौधारोपण के वैज्ञानिक, सामाजिक और भावनात्मक महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि प्रकृति का संरक्षण ही मानव जीवन की सुरक्षा का आधार है। कार्यक्रम के दौरान विद्यालय परिसर में हरियाली और पर्यावरण संरक्षण के प्रति सकारात्मक संदेश गूंजता रहा।
इस मौके पर प्रधानाचार्य जोगेंद्र प्रसाद, जिला क्रीड़ा सचिव अजय कुमार श्रीवास्तव, शिक्षक संजय रंजन, अजीत लाल श्रीवास्तव, अनुराग पांडेय, राधेश्याम यादव, अंकित वासिल, अवधेश रावत सहित विद्यालय परिवार के अन्य सदस्य उपस्थित रहे।