गहन पूछताछ के बाद अमेरिकी नागरिक के खिलाफ मुकदमा दर्ज, कार्रवाई शुरू

मनोज कुमार त्रिपाठी/उमेश चन्द्र त्रिपाठी 

महराजगंज! भारत-नेपाल सीमा पर स्थित सोनौली के पास बिना वैध दस्तावेज नेपाल जाने के प्रयास में हिरासत में लिए गए अमेरिकी नागरिक जॉर्डन ब्राउन से पूछताछ के बाद एसएसबी ने सोनौली पुलिस को सौंप दिया। अवैध रूप से सीमा पार करने के आरोप में उसके खिलाफ 14 विदेशी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने विधिक कार्रवाई शुरू कर दी।

 

एसएसबी के मुताबिक शनिवार की सुबह करीब 10 बजे सीमा स्तंभ संख्या-516 के पास अमेरिकी नागरिक नेपाल की ओर जाने का प्रयास कर रहा था। ड्यूटी पर तैनात जवानों ने उसे रोकने का प्रयास किया तो वह भागने लगा। जवानों ने पीछा कर उसे पकड़ लिया। कंपनी मुख्यालय लाकर पूछताछ शुरू की। प्रारंभिक पूछताछ में उसने बताया कि वह कैलिफोर्निया का रहने वाला है। वह अब तक करीब 70 देशों की यात्रा कर चुका है। भारत आने से पहले वह बाली गया था। करीब आठ सप्ताह पहले अमेरिका से गोवा पहुंचा था, जहां छह सप्ताह तक रुका। इसके बाद वह सोनौली आया। 

पासपोर्ट के बारे में पूछताछ में अमेरिकी नागरिक ने बताया कि उसका पासपोर्ट बेंगलुरू निवासी एक परिचित के पास है। उसने यह भी दावा किया कि गोवा में उसकी मुलाकात नेपाल के एक व्यक्ति से हुई थी, जिससे वह सोनौली में मिलने वाला था। पर वह दोनों व्यक्तियों का पूरा पता नहीं बता सका। अमेरिकी नेवी एवं स्पेशल फोर्सेज का पूर्व कर्मी बताते हुए उसने यह भी कहा कि दो वर्ष पहले उसने नेवी की नौकरी छोड़ दी थी।

गहन पूछताछ व जांच के बाद यात्रा संबंधी वैध दस्तावेज नहीं मिलने पर एसएसबी ने अमेरिकी नागरिक सैम ब्राउन को विधिक कार्रवाई के लिए सोनौली कोतवाली पुलिस को सौंप दिया। 

सोनौली कोतवाल महेंद्र मिश्रा ने बताया कि अमेरिकी नागरिक सैम ब्राउन के खिलाफ तहरीर के आधार पर 14 विदेशी विषयक अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। कार्रवाई की जा रही है।

इस संबंध में अपर पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ ने बताया कि एसएसबी ने सोनौली के पास एक अमेरिकी नागरिक को अनाधिकृत रूप से नेपाल में प्रवेश करते समय पकड़ा। पूछताछ में उसने बताया कि टूरिस्ट वीजा पर वह थाईलैंड गया था, जहां उसका पासपोर्ट गुम हो गया। वहां से जलमार्ग से श्रीलंका और वहां से 2 नवंबर-25 को जलमार्ग से भारत पहुंचा। तब से वह गोवा में रह रहा था। नेपाल जाने की कोशिश में पकड़े गए व्यक्ति के पास कोई वैध दस्तावेज नहीं मिले हैं। सोनौली कोतवाली में उसके खिलाफ केस दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *