भारत-नेपाल बॉर्डर पर बड़ी कार्रवाई: 49.42 ग्राम स्मैक के साथ तस्कर गिरफ्तार, SSB-Police की संयुक्त कार्रवाई

मनोज कुमार त्रिपाठी 

सोनौली/महराजगंज। भारत-नेपाल अंतरराष्ट्रीय सीमा पर नशीले पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सोनौली पुलिस और एसएसबी की संयुक्त टीम ने बड़ी सफलता हासिल की है। संयुक्त चेकिंग के दौरान 49.42 ग्राम स्मैक के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया गया। बरामद स्मैक की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 1 लाख रुपये बताई जा रही है।

पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी के निर्देश, अपर पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ के निर्देशन तथा क्षेत्राधिकारी नौतनवा बसंत कुमार सिंह के पर्यवेक्षण में थानाध्यक्ष महेंद्र कुमार मिश्र के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई।

पुलिस के अनुसार, 11 जुलाई को सोनौली थाना पुलिस और 66वीं वाहिनी एसएसबी की संयुक्त टीम भारत-नेपाल सीमा पर स्थित आईसीपी के डंडा हेड पुल के पास सघन चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान सलमान (20 वर्ष), निवासी जिगनिहा, थाना कोल्हुई, जनपद महराजगंज को रोककर तलाशी ली गई, जिसमें उसके कब्जे से 49.42 ग्राम स्मैक बरामद हुई।

गिरफ्तारी के आधार पर सोनौली थाने में मु0अ0सं0 67/2026 के तहत धारा 8/21/23 एनडीपीएस एक्ट में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर यह पता लगाने में जुटी है कि स्मैक की खेप कहां से लाई गई थी और इसे किसे पहुंचाया जाना था। साथ ही तस्करी के नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश भी की जा रही है।

इस संयुक्त कार्रवाई में उपनिरीक्षक अभिषेक जायसवाल, कांस्टेबल अमरेश राय तथा एसएसबी के उप सेनानायक अमित कुमार सिंह सहित अन्य जवान शामिल रहे। पुलिस का कहना है कि भारत-नेपाल सीमा पर मादक पदार्थों की तस्करी रोकने के लिए अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *