तीन दिनों की बारिश से सोनौली-नौतनवा मार्ग पर जलभराव, राहगीरों की बढ़ी परेशानी

मनोज कुमार त्रिपाठी 

सोनौली/नौतनवा, महराजगंज। लगातार तीन दिनों से हो रही बारिश के कारण सोनौली-नौतनवा मुख्य मार्ग पर कई स्थानों पर जलभराव की स्थिति बन गई है। सड़क पर पानी भर जाने से राहगीरों, दोपहिया वाहन चालकों और छोटे-बड़े वाहनों के आवागमन में भारी परेशानी हो रही है।

स्थानीय लोगों के अनुसार सड़क पर जमा पानी के कारण गड्ढों का पता नहीं चल पा रहा है, जिससे दुर्घटना की आशंका भी बढ़ गई है। कई वाहन चालकों को धीमी गति से गुजरना पड़ रहा है, जबकि पैदल चलने वाले लोगों को भी काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।

सोनौली-नौतनवा मार्ग भारत-नेपाल सीमा को जोड़ने वाला अत्यंत महत्वपूर्ण मार्ग है। इस सड़क से प्रतिदिन हजारों स्थानीय नागरिक, व्यापारी, पर्यटक और सीमा पार आने-जाने वाले यात्री गुजरते हैं। ऐसे में लगातार जलभराव से आमजन की परेशानियां और बढ़ गई हैं।

क्षेत्रवासियों ने संबंधित विभाग से शीघ्र जलनिकासी की व्यवस्था कराने, सड़क पर जमा पानी हटाने तथा भविष्य में जलभराव की समस्या के स्थायी समाधान के लिए प्रभावी कदम उठाने की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *