अधिशासी अधिकारी ने क्षेत्राधिकारी को भेजा पत्र, कर्मचारियों ने भी कोतवाली में तहरीर देकर एफआईआर की मांग की।
मनोज कुमार त्रिपाठी
महराजगंज/सोनौली।
नगर पंचायत सोनौली के सफाई कर्मचारियों के साथ कथित अभद्रता और जानलेवा धमकी का मामला सामने आया है। आरोप है कि वार्ड संख्या-07 राहुल नगर (पहनी) में नाली सफाई के दौरान कुछ स्थानीय लोगों ने कर्मचारियों को गाली-गलौज करते हुए धारदार हथियार लेकर दौड़ा लिया, जिससे कर्मचारियों में अफरा-तफरी मच गई।

जानकारी के अनुसार, अधिशासी अधिकारी के निर्देश पर हरिश्चन्द्र गौतम, घिसियावन, दिलीप, रमेश, अशरफ, मुकेश यादव, मनीष यादव, शम्भू, रामनरेश और जेसीबी चालक राजकुमार सहित नगर पंचायत की टीम वार्ड संख्या-07 में नाली सफाई कार्य करने पहुंची थी।
आरोप है कि इसी दौरान वार्ड निवासी महेन्द्र चौहान, शिवकुमार चौहान और प्रभु चौहान ने सफाई कर्मचारियों के साथ गाली-गलौज की तथा कुदाल सहित अन्य धारदार हथियार लेकर उन्हें मारने के लिए दौड़ा लिया। कर्मचारी किसी तरह मौके से भागकर अपनी जान बचाने में सफल रहे और इसकी सूचना अधिशासी अधिकारी( सुरभि मिश्रा ) को दी।

घटना के बाद अधिशासी अधिकारी ने क्षेत्राधिकारी नौतनवा को पत्र भेजकर आरोपियों के विरुद्ध आवश्यक कानूनी कार्रवाई की मांग की है। वहीं, सभी सफाई कर्मचारियों ने संयुक्त रूप से सोनौली कोतवाली में तहरीर देकर प्रथम सूचना रिपोर्ट (एफआईआर) दर्ज किए जाने तथा अपनी सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।
यदि आरोप सही पाए जाते हैं, तो यह घटना न केवल सरकारी कार्य में बाधा डालने का मामला है, बल्कि सरकारी कर्मचारियों की सुरक्षा पर भी गंभीर सवाल खड़े करती है। अब सभी की निगाहें पुलिस कार्रवाई पर टिकी हैं कि आरोपों की जांच के बाद क्या कदम उठाए जाते हैं।