2 किमी घिसटकर स्कूल जाने वाली सोनी की मदद को आगे आईं मैथिली ठाकुर

प्रशासन ने ट्राईसाइकिल देने का किया ऐलान

मनोज कुमार त्रिपाठी 

बिहार के गोपालगंज की छोटी बच्ची सोनी कुमारी का संघर्ष भरा वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद अब उसकी मदद के लिए कई लोग आगे आ रहे हैं। दिव्यांग होने के बावजूद सोनी रोज़ करीब दो किलोमीटर घिसटकर स्कूल पहुंचती थी। इस वीडियो को लेकर सुबह से ही कई लोगों ने प्रसिद्ध लोक गायिका मैथिली ठाकुर को सोशल मीडिया पर टैग किया।

मैथिली ठाकुर ने बताया कि यह इलाका उनके विधानसभा क्षेत्र अलीनगर या दरभंगा जिले में नहीं आता, इसलिए पूरी जानकारी जुटाने में थोड़ा समय लगा। शाम तक उन्हें बच्ची का स्टूडेंट आईडी कार्ड मिला, जिससे पता चला कि बच्ची का नाम सोनी कुमारी है और वह कक्षा 1 में पढ़ती है। जानकारी के अनुसार सोनी के माता-पिता भी जीवित नहीं हैं।

मैथिली ठाकुर ने बताया कि उनकी बातचीत गोपालगंज के डीएम पवन कुमार सिन्हा से हुई है। डीएम ने आश्वासन दिया है कि बच्ची को कल ट्राईसाइकिल उपलब्ध कराई जाएगी ताकि उसे स्कूल जाने में कोई परेशानी न हो। साथ ही प्रशासन उसकी आगे की पढ़ाई भी अच्छे से हो यह सुनिश्चित करेगा।

मैथिली ठाकुर ने इस मौके पर सोशल मीडिया की सकारात्मक ताकत की सराहना करते हुए उन सभी लोगों का धन्यवाद किया जिन्होंने उन्हें इस मामले में टैग कर जानकारी दी। उन्होंने कहा कि लोगों की जागरूकता और मदद की भावना से ही किसी जरूरतमंद तक सहायता जल्दी पहुंच पाती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *