गुंडा एक्ट की बड़ी कार्रवाई: सोनौली का हिस्ट्रीशीटर जिला बदर, गांव में खुशी की लहर; दिव्यांग ग्रामीण ने व्हीलचेयर पर बैठकर बांटे लड्डू

पुलिस की रिपोर्ट पर जिला प्रशासन का कड़ा फैसला, ग्रामीणों ने राहत की सांस लेते हुए प्रशासन का जताया आभार; बोले—अब क्षेत्र में और मजबूत होगी शांति व सुरक्षा व्यवस्था।

मनोज कुमार त्रिपाठी 

महराजगंज। जनपद में अपराध और असामाजिक तत्वों पर शिकंजा कसने की मुहिम के तहत जिला प्रशासन ने गुंडा नियंत्रण अधिनियम के तहत एक बड़ी कार्रवाई करते हुए सोनौली थाना क्षेत्र के हिस्ट्रीशीटर शिवम पाण्डेय को जिला बदर कर दिया। यह कार्रवाई पुलिस की रिपोर्ट के आधार पर की गई।

जिला प्रशासन के इस फैसले के बाद संबंधित क्षेत्र में खुशी का माहौल देखने को मिला। ग्रामीणों ने इसे कानून-व्यवस्था को मजबूत करने वाला कदम बताते हुए प्रशासन और पुलिस का आभार व्यक्त किया। लोगों का कहना है कि लंबे समय से क्षेत्र में भय और असुरक्षा का माहौल बना हुआ था, लेकिन इस कार्रवाई से आम नागरिकों में विश्वास बढ़ा है।

इस अवसर पर गांव के एक दिव्यांग ग्रामीण ने व्हीलचेयर पर बैठकर लड्डू बांटकर अपनी खुशी जाहिर की। उन्होंने कहा कि प्रशासन द्वारा उठाया गया यह कदम अपराध पर प्रभावी अंकुश लगाने की दिशा में महत्वपूर्ण साबित होगा। उनका कहना था कि अब क्षेत्र में शांति, सुरक्षा और सौहार्द का वातावरण और अधिक मजबूत होगा तथा आम लोग बिना किसी भय के अपना जीवन व्यतीत कर सकेंगे।

ग्रामीणों ने उम्मीद जताई कि भविष्य में भी कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वाले तत्वों के खिलाफ इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी, ताकि समाज में अपराध और दबंगई पर पूरी तरह अंकुश लगाया जा सके। प्रशासन की इस कार्रवाई को क्षेत्र में कानून के राज और सुशासन की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *