NEET 2026 में नौतनवा की बेटी जिज्ञासा कौशल ने बढ़ाया मान, AIR 6316 हासिल करने पर भाजपा नेताओं ने किया सम्मानित

उमेश चन्द्र त्रिपाठी 

नौतनवा (महराजगंज), 18 जुलाई। राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (NEET) 2026 में शानदार सफलता हासिल कर नौतनवा और महराजगंज जनपद का नाम रोशन करने वाली छात्रा जिज्ञासा कौशल को शनिवार को उनके आवास पर सम्मानित किया गया। भाजपा जिला कार्यकारिणी सदस्य जितेन्द्र जायसवाल के नेतृत्व में भाजपा कार्यकर्ताओं ने उनके घर पहुंचकर माल्यार्पण किया, अंगवस्त्र ओढ़ाकर सम्मानित किया तथा मिठाई खिलाकर बधाई दी।

इस अवसर पर जितेन्द्र जायसवाल ने कहा कि जिज्ञासा कौशल ने ऑल इंडिया रैंक (AIR) 6316 प्राप्त कर क्षेत्र के विद्यार्थियों के लिए प्रेरणादायक उदाहरण प्रस्तुत किया है। उन्होंने कहा कि मेहनत, लगन और अनुशासन के बल पर हासिल की गई यह सफलता पूरे क्षेत्र के लिए गर्व की बात है। भाजपा कार्यकर्ताओं ने जिज्ञासा को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं देते हुए उनके मेडिकल क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन की कामना की।

जानकारी के अनुसार, जिज्ञासा कौशल ने अपनी प्रारंभिक शिक्षा नौतनवा के होलीक्रॉस स्कूल तथा इंटरमीडिएट की पढ़ाई केंद्रीय विद्यालय, नौतनवा से पूरी की। इसके बाद उन्होंने राजस्थान के कोटा स्थित एक कोचिंग संस्थान में रहकर NEET की तैयारी की, जहां उनकी कड़ी मेहनत रंग लाई और उन्होंने यह उल्लेखनीय सफलता अर्जित की।

बेटी की इस उपलब्धि से पिता मनोज कौशल और माता राधा कौशल समेत पूरे परिवार में खुशी का माहौल है। सम्मान समारोह के दौरान परिजनों ने सभी आगंतुकों का आभार व्यक्त किया।

इस मौके पर भाजपा महिला मोर्चा की जिला मंत्री विभा, शुद्धांशु कुनेल, राजन वर्मा, पूर्व नगर अध्यक्ष सुनील गुप्ता, राजीव शर्मा, पिंटू वर्मा, विन्ध्याचल मौर्य, राजेश विश्वकर्मा सहित अनेक भाजपा कार्यकर्ता एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *