नौतनवां नगर के डॉ. राम मनोहर लोहिया पी.जी.कालेज में राष्ट्रीय सेवा योजना का सात दिवसीय विशेष शिविर संपन्न 

उमेश चन्द्र त्रिपाठी 

नौतनवां महराजगंज!

महराजगंज जिले के नौतनवां नगर स्थित डॉ. राम मनोहर लोहिया पी.जी. कॉलेज में राष्ट्रीय सेवा योजना का सात दिवसीय विशेष शिविर शुक्रवार को संपन्न हुआ। 

समापन समारोह का शुभारंभ मुख्य अतिथि गंगा प्रसाद स्मारक डिग्री कॉलेज के कार्यवाहक प्राचार्य जितेंद्र नाथ चौबे ने मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण और दीप प्रज्वलन करके किया।

शिविर के दौरान, सतपुड़ा और महात्मा गांधी इकाई के स्वयंसेवकों ने प्राथमिक विद्यालय पुरैनिहा से ग्राम पोखरभिंडा तक जागरूकता कार्यक्रम चलाए। 

इन कार्यक्रमों में महिला सशक्तिकरण, पर्यावरण संरक्षण, नशा मुक्ति, दहेज निषेध और साक्षरता अभियान जैसे विभिन्न सामाजिक मुद्दों पर जन जागरूकता का संदेश दिया गया।

सतपुड़ा इकाई के कार्यक्रम अधिकारी डॉ. विमल कुमार यादव ने सात दिनों तक चले शिविर में स्वयंसेवकों द्वारा किए गए कार्यों की सराहना की। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय सेवा योजना का उद्देश्य केवल समाज में जागरूकता लाना नहीं, बल्कि इन मूल्यों को स्वयं के जीवन में अपनाना भी है, ताकि युवा समाज की मुख्यधारा से मजबूती से जुड़ सकें।

मुख्य अतिथि जितेंद्र नाथ चौबे ने युवाओं से राष्ट्र सेवा में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। समापन सभागार में महात्मा गांधी इकाई के कार्यक्रम अधिकारी महेंद्र कुमार ने धन्यवाद ज्ञापित किया, जबकि कार्यक्रम का संचालन डॉ. रंजना सिंह ने किया।

इस अवसर पर महाविद्यालय के शिक्षक डॉ. शिवज कुमार पांडेय, सुखराम सिंह, प्रियंका पासवान, प्रियंका शर्मा, प्रीति मोदनवाल, अंगद यादव, सुनील कुमार यादव, सर्वेश मिश्रा, कर्मचारी राजेश यादव, राबिया खातून सहित बड़ी संख्या में स्वयंसेवक और शिविरार्थी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *