“डर भय और बाहुबल के माहौल को खत्म कर विकास की नई पहचान बनीं नौतनवां विधानसभा” – विधायक ऋषि त्रिपाठ

सिंचाई, सड़क, पुल, शिक्षा, रोजगार, रेलवे, आईसीपी, भ्रष्टाचार पर कार्रवाई और अधिकारियों की जवाबदेही सहित हर मुद्दे पर विधायक ने रखी अपनी बात

मनोज कुमार त्रिपाठी 

नौतनवां महराजगंज! नौतनवां विधानसभा क्षेत्र के विधायक ऋषि त्रिपाठी ने अपने कार्यकाल की उपलब्धियों और क्षेत्र में हुए विकास कार्यों को लेकर विस्तार से अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि वर्ष 2022 में जनता ने उन्हें विधानसभा की जिम्मेदारी सौंपी तो उनकी पहली प्राथमिकता क्षेत्र में वर्षों से व्याप्त डर और भय के माहौल को समाप्त कर विकास को गति देना था।

उन्होंने कहा कि पहले नौतनवां विधानसभा में बाहुबलियों का प्रभाव था और पूर्व जनप्रतिनिधियों का विकास से कोई विशेष सरोकार नहीं था। विधानसभा चुनाव के दौरान जनता ने जिन समस्याओं से उन्हें अवगत कराया, उन सभी को प्राथमिकता के आधार पर लेना शुरू किया गया। आज नौतनवां विधानसभा क्षेत्र में अनेक बड़ी विकास परियोजनाएं पूरी हो चुकी हैं, जबकि कई महत्वपूर्ण योजनाओं पर तेजी से कार्य जारी है।

विधायक ने बताया कि क्षेत्र में सेमरा–शिवपुरी मार्ग, बरगदवा–बेलहिया मार्ग सहित कई प्रमुख सड़कों का निर्माण एवं चौड़ीकरण कराया गया है। लगभग 55 करोड़ रुपये की लागत से एक महत्वपूर्ण सड़क परियोजना पर कार्य चल रहा है। दातानगर क्षेत्र में लगभग 12 करोड़ रुपये की लागत से सेतु का निर्माण कराया जा रहा है। इसके अलावा वर्षों से लंबित सेमरहवां पुल का निर्माण भी कराया जा रहा है जिससे हजारों लोगों की आवाजाही सुगम और सरल होगी।

सिंचाई व्यवस्था को अपनी बड़ी उपलब्धियों में गिनाते हुए विधायक ऋषि त्रिपाठी ने कहा कि करीब 150 करोड़ रुपये की लागत से रोहिन बैराज परियोजना का निर्माण कराया गया, जिसका लोकार्पण मुख्यमंत्री द्वारा किया गया। इससे किसानों को सिंचाई की बेहतर सुविधा मिल रही है।

शिक्षा के क्षेत्र में उन्होंने बताया कि सेखुआनी में लगभग एक करोड़ रुपये की लागत से नेता जी सुभाष चन्द्र बोस विद्यालय भवन का निर्माण कराया गया है, जिससे क्षेत्र के विद्यार्थियों, विशेषकर छात्राओं को बेहतर शैक्षणिक सुविधाएं मिलेंगी।

बाढ़ और जलभराव की समस्या पर विधायक ने कहा कि पहले बरसात के दिनों में कई गांव दो-दो और तीन-तीन महीने तक पानी से घिरे रहते थे और लोग बेघर होने को मजबूर हो जाते थे। अब यदि कहीं ओवरफ्लो या कटान जैसी स्थिति बनती है तो जिला प्रशासन और संबंधित विभाग तत्काल मौके पर पहुंचकर मरम्मत कार्य शुरू कराते हैं। उन्होंने कहा कि स्थायी समाधान के लिए संबंधित मंत्री के समक्ष प्रस्ताव रखा गया है और जल्द ही इस दिशा में और प्रगति होगी।

उन्होंने कहा कि वह लगातार गांव-गांव जाकर जनसंपर्क करते हैं। यदि कहीं कोई विकास कार्य अधूरा रह जाता है या नई आवश्यकता सामने आती है तो उसका प्रस्ताव जिला स्तर पर भेजा जाता है, ताकि जल्द स्वीकृति मिल सके।

ऋषि त्रिपाठी ने दावा किया कि यदि पूरे महाराजगंज जनपद की विधानसभाओं की तुलना की जाए तो पिछले चार वर्षों में सबसे अधिक विकास कार्य नौतनवां विधानसभा क्षेत्र में हुए हैं। उन्होंने कहा कि पिछले 40 वर्षों की तुलना में भी बीते चार वर्षों में अभूतपूर्व विकास हुआ है।

उन्होंने कहा कि जनता ने उन पर विश्वास कर उन्हें जनप्रतिनिधि चुना और उसी विश्वास पर खरा उतरने का प्रयास किया गया है। उनका निरंतर प्रयास है कि नौतनवां विधानसभा क्षेत्र का समग्र विकास हो और हर गांव तक विकास पहुंचे।

रोजगार, उद्योग और व्यापार को मिली नई गति

विधायक ने कहा कि पहले भय के माहौल के कारण लोग उद्योग या व्यापार स्थापित करने से डरते थे, लेकिन अब स्थिति बदल चुकी है। पिछले चार वर्षों में क्षेत्र में छोटी-बड़ी फैक्ट्रियां स्थापित हुई हैं और व्यापारी बिना किसी डर के अपना कारोबार कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि युवाओं के रोजगार और कौशल विकास के लिए भी सरकार लगातार कार्य कर रही है।

उन्होंने भारत-नेपाल सीमा पर बन रहे इंटीग्रेटेड चेक पोस्ट (ICP) का उल्लेख करते हुए कहा कि इसके शुरू होने से सीमा पार व्यापार को नई गति मिलेगी और स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के अवसर बढ़ेंगे। साथ ही रेलवे स्टेशन के विकास कार्यों का भी उन्होंने उल्लेख किया।

भ्रष्टाचार के आरोपों पर दिया जवाब

नौतनवां और सोनौली नगर पालिका में मंदिरों, पोखरों, सड़कों तथा अन्य विकास कार्यों में कथित भ्रष्टाचार के आरोपों पर विधायक ने कहा कि प्रत्येक विकास कार्य निर्धारित तकनीकी प्रक्रिया के तहत स्वीकृत और क्रियान्वित होता है। यदि किसी कार्य में अनियमितता की शिकायत मिलती है और जांच में वह सही पाई जाती है तो पहले भी किसी दोषी को नहीं छोड़ा गया है और आगे भी किसी को बख्शा नहीं जाएगा।

उन्होंने कहा, “यह भारतीय जनता पार्टी की सरकार है। यहां किसी भी भ्रष्टाचारी को बख्शा नहीं जाएगा।”

पत्रकारों और अधिकारियों के संबंध पर भी बोले

अधिकारियों द्वारा पत्रकारों और आम नागरिकों के फोन नहीं उठाने के सवाल पर विधायक ने कहा कि यह जानकारी उन्हें पहली बार मिली है। उन्होंने आश्वासन दिया कि वह इस विषय को जिलाधिकारी और संबंधित अधिकारियों के संज्ञान में लाएंगे, ताकि अधिकारियों की कार्यशैली में सुधार हो और पत्रकारों सहित आम जनता को समय पर जवाब मिल सके।

उन्होंने सोनौली की ईओ सुरभि मिश्रा के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने अपने कार्यकाल में व्यवस्था सुधारने के लिए काफी प्रयास किए हैं। हालांकि स्थानीय स्तर पर कुछ समस्याएं अभी भी हैं, जिनमें सुधार की आवश्यकता है।

अंत में विधायक ऋषि त्रिपाठी ने कहा कि उनका लक्ष्य नौतनवां विधानसभा क्षेत्र को विकास की नई ऊंचाइयों तक पहुंचाना है। सड़क, पुल, सिंचाई, शिक्षा, बाढ़ नियंत्रण, व्यापार, रोजगार, रेलवे, सीमा व्यापार और आधारभूत सुविधाओं सहित हर क्षेत्र में विकास कार्य आगे भी इसी गति से जारी रहेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *