नीट पेपर लीक और धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे पर उठे सवाल, भाजपा कार्यकर्ताओं ने मोदी सरकार के पक्ष में गिनाईं उपलब्धियां
मनोज कुमार त्रिपाठी
सोनौली, महाराजगंज | 24 जुलाई। भारत-नेपाल सीमा से सटे सोनौली के रामजानकी चौक पर शुक्रवार को कुछ भाजपा कार्यकर्ता एकदिवसीय धरने पर बैठे थे। धरने के दौरान उस समय माहौल राजनीतिक रूप से गरमा गया, जब युवा अभिषेक जोशी मौके पर पहुंचे और धरने पर बैठे भाजपा कार्यकर्ताओं को मेलोडी टॉफी बांटते हुए उनसे बातचीत शुरू की। इसके बाद दोनों पक्षों के बीच नीट पेपर लीक, केंद्र सरकार की जवाबदेही और शिक्षा व्यवस्था को लेकर तीखी राजनीतिक बयानबाजी देखने को मिली।

अभिषेक जोशी ने अपने बयान के दौरान व्यंग्यात्मक अंदाज में कहा कि यदि भारतीय जनता पार्टी का नेतृत्व बदलाव पर विचार करे तो केंद्रीय राज्य मंत्री पंकज चौधरी को देश का प्रधानमंत्री बनाया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि उनके अनुसार पंकज चौधरी के नेतृत्व में देश और तेज़ी से विकास की दिशा में आगे बढ़ सकता है। यह बयान उन्होंने अपनी राजनीतिक टिप्पणी के रूप में दिया।

वहीं, अभिषेक जोशी ने मीडिया से बातचीत में कहा कि वह व्यक्तिगत स्नेह के कारण मेलोडी टॉफी लेकर पहुंचे थे, लेकिन उन्होंने नीट पेपर लीक प्रकरण को लेकर केंद्र सरकार की जवाबदेही पर सवाल उठाए। उन्होंने शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग करते हुए कहा कि लगातार सामने आ रहे पेपर लीक मामलों की जिम्मेदारी तय होनी चाहिए। उन्होंने प्रधानमंत्री की जवाबदेही का भी सवाल उठाया और कहा कि युवाओं के भविष्य से जुड़े मामलों पर सरकार को गंभीरता से जवाब देना चाहिए।

अभिषेक जोशी के बयान पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने पलटवार करते हुए कहा कि देश की जनता ने लगातार चुनावों में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व पर विश्वास जताया है। उनका कहना था कि अयोध्या में श्रीराम मंदिर निर्माण, अनुच्छेद 370 हटाना, गरीबों के लिए आवास, मुफ्त राशन, किसान सम्मान निधि, सड़क और हाईवे निर्माण सहित अनेक जनकल्याणकारी योजनाएं मोदी सरकार की उपलब्धियां हैं। कार्यकर्ताओं ने कहा कि जनता का भरोसा भाजपा के साथ है और विपक्ष के आरोपों से विकास कार्यों की गति नहीं रुकेगी।
धरने पर बैठे वरिष्ठ भाजपा नेता एवं मनोनीत सभासद प्रेम जायसवाल, समाजसेवी एवं गौशाला संरक्षक ओमप्रकाश वर्मा सहित अन्य भाजपा कार्यकर्ताओं ने कहा कि प्रतियोगी परीक्षाओं में पेपर लीक की घटनाएं बेहद गंभीर हैं और ऐसे मामलों में दोषियों के खिलाफ कठोरतम कार्रवाई होनी चाहिए। उन्होंने केंद्र सरकार की विभिन्न योजनाओं और उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश ने विकास और राष्ट्रीय सुरक्षा के क्षेत्र में कई ऐतिहासिक उपलब्धियां हासिल की हैं।
धरने के दौरान कुछ समय तक दोनों पक्षों के बीच राजनीतिक बहस चलती रही। हालांकि पूरे घटनाक्रम के दौरान माहौल शांतिपूर्ण रहा और किसी प्रकार की अप्रिय घटना सामने नहीं आई।