मनोज कुमार त्रिपाठी
नौतनवा। केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की खबर सामने आने के बाद नौतनवा के गांधी चौक पर युवाओं ने जमकर जश्न मनाया। इस दौरान पटाखे फोड़कर खुशी का इजहार किया गया और राहगीरों व मौजूद लोगों के बीच मेलोडी टॉफी बांटी गई।
जश्न के दौरान युवाओं ने इसे छात्रों की आवाज और लंबे समय से चल रहे विरोध-प्रदर्शनों की बड़ी उपलब्धि के तौर पर देखा। मौके पर युवाओं में खासा उत्साह नजर आया। गांधी चौक पर पटाखों की आवाज के बीच लोगों ने एक-दूसरे को मिठाई और टॉफी खिलाकर खुशी साझा की।

गौरतलब है कि प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं और पेपर लीक के मुद्दे को लेकर दिल्ली के जंतर-मंतर समेत कई जगहों पर छात्रों की ओर से प्रदर्शन किए जा रहे थे। प्रदर्शनकारियों की प्रमुख मांगों में केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग भी शामिल थी।
नौतनवा में हुए इस जश्न को युवाओं ने विरोध और व्यंग्य के अपने अलग अंदाज के रूप में पेश किया। गांधी चौक पर पटाखे फोड़ने और मेलोडी टॉफी बांटने का यह दृश्य चर्चा का विषय बना रहा।