महराजगंज: SDM के मौखिक आदेश का हवाला देकर किसानों को खेत में बुवाई से रोका, न्याय की मांग को लेकर परिवार अनिश्चितकालीन धरने पर बैठा

मनोज कुमार त्रिपाठी 

महराजगंज/नौतनवा। महराजगंज जनपद के बरगदवा थाना क्षेत्र के किसानों ने प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाते हुए तहसील परिसर नौतनवा में अनिश्चितकालीन धरना शुरू कर दिया है। किसानों का आरोप है कि उनके नाम खतौनी दर्ज होने और बैनामा होने के बावजूद पुलिस ने SDM के कथित मौखिक आदेश का हवाला देकर खेत की बुवाई रुकवा दी।

धरने पर बैठे किसान विनय यादव ने बताया कि उन्होंने अपने खेत में पहले गेहूं, मसूर और लाही की खेती की थी। फसल कटने के बाद खेत की जुताई कर बाजरा की बुवाई और धान की रोपाई शुरू की गई। इसी दौरान बरगदवा थाने के नायब दरोगा मौके पर पहुंचे और बुवाई-रोपाई तत्काल बंद करने को कहा।

किसान का आरोप है कि जब उन्होंने लिखित आदेश दिखाने की मांग की तो कोई दस्तावेज नहीं दिखाया गया। पुलिसकर्मियों ने केवल इतना कहा कि “SDM साहब का आदेश है, खेती बंद कर दीजिए।”

पीड़ितों का कहना है कि संबंधित भूमि का विधिवत बैनामा हो चुका है, दाखिल-खारिज की प्रक्रिया भी चल रही है और उनके पास सभी आवश्यक दस्तावेज मौजूद हैं। इसके बावजूद उन्हें अपनी ही जमीन पर खेती नहीं करने दी जा रही है। किसानों का यह भी आरोप है कि उन पर पहले की तरह एक-तिहाई हिस्सेदारी (एक बटे तीन) के आधार पर खेती करने का दबाव बनाया जा रहा है, जबकि अब भूमि उनके नाम दर्ज है।

पीड़ित परिवार का कहना है कि वे 28 जुलाई से तहसील परिसर नौतनवा में अनिश्चितकालीन धरने पर बैठे हैं। उनका आरोप है कि अब तक उन्हें कोई ठोस न्याय नहीं मिला। तहसीलदार मौके पर आए जरूर, लेकिन केवल आश्वासन देकर लौट गए और समस्या का समाधान नहीं कराया।

धरने पर बैठे किसानों ने प्रशासन से मांग की है कि उन्हें उनकी वैध भूमि पर खेती करने की अनुमति दी जाए और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *