उमेश चन्द्र त्रिपाठी
महराजगंज! जनपद में आयकर विभाग की बड़ी कार्रवाई से कारोबारी जगत में हड़कंप मच गया है। आयकर विभाग की अन्वेषण टीम ने सोनौली हाईवे के समीप स्थित तीन औद्योगिक प्रतिष्ठानों पर लगातार दूसरे दिन गुरुवार देर रात तक छापेमारी जारी रखी। कार्रवाई के दौरान करीब दो करोड़ रुपये की नकदी बरामद होने की सूचना है। प्रारंभिक जांच में नेपाल से जुड़े संदिग्ध लेनदेन और कथित अवैध आपूर्ति के संकेत मिलने के बाद विभाग ने दस्तावेजों और डिजिटल रिकॉर्ड की गहन जांच शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार हिंदुस्तान फ्लोर इंडस्ट्रीज (परसौनी), हिंदुस्तान इंडस्ट्रीज (लक्ष्मीपुर) और शंकर राइस मिल (संपतिहा) में एक साथ छापेमारी की गई। यह देर रात तक चलती रही।

जांच के दौरान अधिकारियों ने प्रतिष्ठानों से बड़ी मात्रा में दस्तावेज, डिजिटल रिकॉर्ड और अन्य अभिलेख अपने कब्जे में लिए हैं। प्रारंभिक जांच में संबंधित इकाइयों द्वारा नेपाल में अवैध आपूर्ति किए जाने के स्पष्ट साक्ष्य प्राप्त हुए हैं। इसके अतिरिक्त, बरामद दस्तावेजों, डिजिटल अभिलेखों तथा अन्य साक्ष्यों का विस्तृत परीक्षण किया जा रहा है।
फिलहाल आयकर विभाग की टीमें दोनों परिसरों में मौजूद हैं और दस्तावेजों के साथ डिजिटल रिकॉर्ड की जांच कर रही हैं और वित्तीय दस्तावेजों, खातों तथा डिजिटल डेटा का मिलान कर रही हैं। विभाग की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।
माना जा रहा है कि जांच पूरी होने के बाद आयकर विभाग विस्तृत जानकारी साझा कर सकता है। देखने वाली बात यह होगी कि जांच में क्या तथ्य सामने आए हैं तथा किसी प्रकार की कर चोरी या वित्तीय अनियमितता मिली है या नहीं।