शिवलहिया की विवादित भूमि पर राजस्व टीम ने शुरू की पैमाइश, दोनों पक्षों को यथास्थिति बनाए रखने के निर्देश
असलम शेख
कैम्पियरगंज/गोरखपुर। कैम्पियरगंज तहसील क्षेत्र में जमीनी विवाद ने उस समय गंभीर रूप ले लिया, जब शिवलहिया ग्राम निवासी अखिलेश मौर्य ने तहसील परिसर में आत्मदाह करने का प्रयास किया। हालांकि तहसील कर्मचारियों एवं अधिवक्ताओं की सतर्कता और त्वरित कार्रवाई के चलते समय रहते बड़ी घटना टल गई।
घटना के बाद प्रशासन तत्काल हरकत में आया। राजस्व विभाग की संयुक्त टीम विवादित भूमि पर पहुंची और पैमाइश के साथ जांच शुरू कर दी। प्रशासन ने मामले की निष्पक्ष जांच तक दोनों पक्षों को यथास्थिति बनाए रखने के निर्देश दिए हैं।
बताया जा रहा है कि भूमि विवाद को लेकर लंबे समय से दोनों पक्षों के बीच तनाव बना हुआ था। युवक का आरोप है कि समय पर सुनवाई और समाधान न होने के कारण उसे यह कदम उठाने के लिए मजबूर होना पड़ा। वहीं प्रशासन का कहना है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए राजस्व अधिकारियों द्वारा जांच की जा रही है और नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
यह घटना एक बार फिर इस बात की ओर संकेत करती है कि जमीनी विवादों का समय रहते निष्पक्ष समाधान होना अत्यंत आवश्यक है। यदि ऐसे मामलों का शीघ्र निस्तारण न किया जाए तो छोटे-छोटे विवाद भी गंभीर घटनाओं का रूप ले सकते हैं। प्रशासन से अपेक्षा है कि ऐसे संवेदनशील मामलों में त्वरित कार्रवाई कर भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जाए।