मनोज कुमार त्रिपाठी
गोरखपुर! गोरखपुर में पूर्व मंत्री हरिशंकर तिवारी की 91 वीं जयंती बुधवार को भव्य और गरिमामय ढंग से मनाई गई। बड़हलगंज स्थित नेशनल पीजी कॉलेज परिसर में आयोजित कार्यक्रम में उनकी आदमकद प्रतिमा पर माल्यार्पण और पुष्पांजलि अर्पित की गई। इस अवसर पर बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, शिक्षाविद, समाजसेवी, छात्र और समर्थक उपस्थित रहे।


कार्यक्रम को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने हरिशंकर तिवारी के सामाजिक, शैक्षणिक और राजनीतिक योगदान को याद किया। विधान परिषद के पूर्व सभापति गणेश शंकर पाण्डेय ने कहा कि उन्होंने पूर्वांचल की राजनीति में अपनी अलग पहचान बनाई और शिक्षा व समाज सेवा में उल्लेखनीय योगदान दिया। सपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता आईपी सिंह ने उन्हें जनभावनाओं को समझने वाला जननेता बताया, जिन्होंने क्षेत्र के विकास और जनता के हितों को प्राथमिकता दी।
पूर्व सांसद भीष्म शंकर उर्फ कुशल तिवारी ने हरिशंकर तिवारी के व्यक्तित्व और कार्यों को नई पीढ़ी के लिए प्रेरणास्रोत बताया। पूर्व विधायक चिल्लूपार विनय शंकर तिवारी ने कहा कि उन्होंने संघर्ष, सेवा और जनविश्वास के आधार पर राजनीति में अपनी पहचान बनाई।

बीएचयू के प्रोफेसर डॉ. वशिष्ठ अनूप और गोरखपुर विश्वविद्यालय के प्रोफेसर जितेंद्र मिश्र ने शिक्षा के क्षेत्र में उनके अविस्मरणीय योगदान की सराहना की। उन्होंने बताया कि उनके प्रयासों से स्थापित संस्थान हजारों विद्यार्थियों का भविष्य संवार रहे हैं।
सपा सांसद रामभुआल निषाद और सुमन पासवान ने भी हरिशंकर तिवारी के सामाजिक, राजनीतिक और शैक्षणिक योगदान को याद किया। उन्होंने उन्हें पूर्वांचल का लोकप्रिय जननेता बताया।

इस अवसर पर विनयशंकर तिवारी ने चिल्लूपार विधानसभा क्षेत्र के डेढ़ सौ से अधिक वरिष्ठ सहयोगियों को सम्मानित किया, जो लंबे समय तक पंडितजी से जुड़े रहे थे। विभिन्न सरकारी सेवाओं में चयनित महाविद्यालय के पुरातन छात्रों को भी प्रशस्ति-पत्र और नकद प्रोत्साहन राशि देकर सम्मानित किया गया।
वरिष्ठ नागरिकों और महाविद्यालय के शिक्षकों की उपस्थिति में महाविद्यालय की वार्षिक पत्रिका ‘नव चेतना’ का विमोचन भी किया गया। कार्यक्रम का संचालन नेशनल पीजी कॉलेज के प्राचार्य राकेश पाण्डेय ने किया।


इस अवसर पर पूर्व ब्लाक प्रमुख राज बहादुर सिंह, विजय यादव,प्रेम शंकर मिश्र एडवोकेट, गुलाब सिंह, कमलेश सिंह, परमानंद दुबे, भुवनेश्वर चतुर्वेदी, प्रदीप दूबे सहित हजारों की संख्या में गणमान्य नागरिक, शिक्षक, छात्र और क्षेत्रीय लोग उपस्थित थे।

