PWD कार्यालय के सामने बनते ही ढह गया नाला, निर्माण की गुणवत्ता पर गंभीर सवाल

भाजपा नेता ने तकनीकी जांच की उठाई मांग, बोले- दोषी मिले तो ठेकेदार को ब्लैकलिस्ट कर हो रिकवरी

मनोज कुमार त्रिपाठी 

नौतनवा, महाराजगंज। नौतनवा नगरपालिका क्षेत्र में PWD कार्यालय के सामने निर्माणाधीन नाला मिट्टी डालते ही ढह जाने का मामला सामने आया है। नाला ढहने के बाद निर्माण कार्य में इस्तेमाल सामग्री, मसाले की गुणवत्ता और निर्माण मानकों को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।

 

 

मामले को लेकर भाजपा के वरिष्ठ नेता जितेंद्र जायसवाल ने नगरपालिका प्रशासन पर निर्माण कार्यों में मानकों की अनदेखी का आरोप लगाते हुए कहा कि संबंधित नाले की तकनीकी गुणवत्ता, इस्तेमाल की गई सामग्री, एस्टीमेट और निर्माण लागत की जांच होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि नगरपालिका क्षेत्र में कराए जा रहे निर्माण कार्यों की तकनीकी समिति गठित कर जांच कराई जाए और यदि जांच में ठेकेदार दोषी पाया जाता है तो उसे ब्लैकलिस्ट करने के साथ सरकारी धन की रिकवरी की जाए।

 

 

 

भाजपा नेता ने जिला प्रशासन और नगर विकास विभाग से मामले की जांच कराने की मांग करते हुए कहा कि यदि कार्रवाई नहीं हुई तो सड़क पर आंदोलन किया जाएगा।

वहीं, जब इस मामले में नगरपालिका के ईओ संदीप कुमार सरोज से जानकारी ली गई तो उन्होंने कहा कि उन्हें नाला ढहने के मामले की कोई जानकारी नहीं है। उन्होंने मामले की जानकारी के लिए जेई साहब से बात करने की बात कही।

 

 

ईओ के इस बयान के बाद अब सवाल यह भी उठ रहा है कि नगरपालिका क्षेत्र में चल रहे निर्माण कार्य की निगरानी और गुणवत्ता की जिम्मेदारी आखिर किसकी है? नाला किन मानकों और किस एस्टीमेट के तहत बनाया जा रहा था, इसका जवाब जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।

 

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *