उमेश चन्द्र त्रिपाठी
नौतनवां, महराजगंज!
जनपद के नौतनवां स्थित तहसील सभागार में सोमवार को आयोजित तहसील समाधान दिवस में मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) महराजगंज एवं उपजिलाधिकारी नौतनवां कुणाल तथा क्षेत्राधिकारी नौतनवा बसंत सिंह ने संयुक्त रूप से आमजन की समस्याएं सुनीं।
अधिकारियों ने फरियादियों की शिकायतों को गंभीरता से सुनते हुए उनके त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण पर विशेष जोर दिया।
समाधान दिवस के दौरान कुल 28 प्रार्थना-पत्र प्राप्त हुए, जिनमें से 5 मामलों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। शेष मामलों के शीघ्र एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के लिए संबंधित विभागों के अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
जनसुनवाई में राजस्व, विकास, पुलिस एवं अन्य विभागों से संबंधित विभिन्न शिकायतें सामने आईं। अधिकारियों ने स्पष्ट निर्देश दिए कि लंबित मामलों का समयबद्ध एवं पारदर्शी ढंग से निस्तारण सुनिश्चित किया जाए, ताकि आमजन को अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े।
इस अवसर पर संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी भी मौजूद रहे।





